दिसंबर 2027 से पहले अलग विदर्भ राज्य बनाने की मांग, नागपुर में निकला जनसंकल्प मार्च

Vidarbha State Mission 2027 Nagpur March: नागपुर में विदर्भ राज्य आंदोलन समिति ने “मिशन 2027” के तहत दीक्षाभूमि से संविधान चौक तक विदर्भ निर्माण जनसंकल्प लॉन्ग मार्च निकाला। इसमें विदर्भ के 11 जिलों और 120 तालुकों से समर्थक शामिल हुए। समिति ने दिसंबर 2027 से पहले अलग विदर्भ राज्य बनाने की मांग दोहराई और मांग की अनदेखी होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
विषयसूची
दीक्षाभूमि से संविधान चौक तक निकला विदर्भ जनसंकल्प मार्च
Vidarbha State Mission 2027 Nagpur March: नागपुर में रविवार, 9 अगस्त 2026 को क्रांति दिवस के अवसर पर विदर्भ राज्य आंदोलन समिति ने दीक्षाभूमि से संविधान चौक तक “विदर्भ निर्माण जनसंकल्प लॉन्ग मार्च” निकाला। यह मार्च समिति के “मिशन 2027” अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य स्वतंत्र विदर्भ राज्य की मांग केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाना है।
मार्च का नेतृत्व समिति अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एडवोकेट वामनराव चटप और दैनिक ‘देशोन्नती’ के प्रबंध संपादक प्रकाशभाऊ पोहरे ने किया। उनके साथ महिला आघाड़ी अध्यक्ष प्रा. मंजुषाताई तिरपुड़े और युवा आघाड़ी अध्यक्ष मुकेश मसुरकर सहित समिति के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। विदर्भ के 11 जिलों और 120 तालुकों से आए हजारों समर्थकों ने मार्च में हिस्सा लिया।
मार्च के दौरान “अलग विदर्भ बनाना ही होगा”, “लेके रहेंगे, लेके रहेंगे, विदर्भ राज्य लेके रहेंगे” और “विदर्भ हमारा है, किसी के बाप का नहीं” जैसे नारे गूंजे। इस दौरान शहर के कई प्रमुख चौकों पर यातायात बाधित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लगीं, फिर भी नागरिकों ने आंदोलन को व्यापक समर्थन दिया।
दिसंबर 2027 से पहले अलग विदर्भ राज्य बनाने का दोहराया संकल्प
संविधान चौक पर आयोजित जनसभा में नेताओं ने सरकार से लंबित मांग पूरी करने की अपील की और चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन को निर्णायक जनसंघर्ष में बदला जाएगा। कार्यकर्ताओं ने संकल्प दोहराया कि दिसंबर 2027 से पहले स्वतंत्र विदर्भ राज्य का निर्माण हर हाल में होगा।
समिति ने एकजुटता के साथ आंदोलन आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया। आगे की रणनीति और आंदोलन की अगली कड़ी पर समिति जल्द फैसला ले सकती है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

