नागपुर में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, एक महीने तक मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं

नागपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। अभियान में आधार, आयुष्मान कार्ड, नामांतरण, स्वास्थ्य जांच, करियर मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
विषयसूची
विद्यार्थियों से लेकर आदिवासी लाभार्थियों तक को मिलेगा लाभ
नागपुर में जिला प्रशासन की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत राजस्व, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अभियान का आयोजन जिला प्रशासन, आदिवासी विकास विभाग के अपर आयुक्त और एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना कार्यालय के समन्वय से किया जा रहा है।
आधार कार्ड से लेकर नामांतरण तक की सेवाएं
अभियान के दौरान तहसील और ग्राम स्तर पर कई नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें आधार कार्ड पंजीयन और सुधार, लंबित फेरफार (नामांतरण) मामलों का निपटारा और ‘जीवित सातबारा’ अभियान शामिल है। पात्र लाभार्थियों के वन अधिकार दावों को मंजूरी देने और स्वामित्व प्रमाणपत्र वितरित करने की प्रक्रिया भी अभियान के तहत की जाएगी।
महिला स्वयं सहायता समूहों का भी होगा रजिस्ट्रेशन
अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों के रजिस्ट्रेशन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा सामुदायिक वन अधिकार समितियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित होगी। आवास से जुड़ी योजनाओं के तहत पात्र लोगों को पारधी घरकुल योजना और शबरी घरकुल योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी प्रक्रिया और जानकारी दी जाएगी। आदिवासी लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया जाएगा।

