West Bengal Crime: मध्यग्राम में शाम के समय कैटरिंग व्यापारी पर चली गोलियां, चार आरोपी पकड़े गए

Madhyamgram Firing Case West Bengal Crime: पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम में शुक्रवार शाम कैटरिंग व्यापारी राजा पर गोलीबारी की घटना हुई। बताया जा रहा है कि होली के दिन हुए विवाद के कारण कुछ युवकों ने हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांच राउंड गोलियां चलीं। स्थानीय लोगों ने चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि एक आरोपी फरार है। इलाके में पुलिस तैनात है।
विषयसूची
होली के दिन हुए झगड़े के बाद हुई गोलीबारी
उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल। हावड़ा के बाद अब मध्यमग्राम — शुक्रवार की शाम सरेआम गोलियाँ चलीं। निशाना बना स्थानीय कैटरिंग व्यवसायी राजा।
घटना मध्यमग्राम नगरपालिका के वार्ड नंबर 14, आदर्श पल्ली स्थित किशोर संघ क्लब के पास की है। शाम के वक्त कुछ हथियारबंद बदमाशों ने राजा पर हमला कर दिया और एक के बाद एक पाँच राउंड फायरिंग की।
होली से शुरू हुआ विवाद, बदले में गोलियाँ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस घटना की जड़ें 4 मार्च को होली के दिन से जुड़ी हैं। उस दिन रंग खेलने को लेकर राजा की कुछ स्थानीय गैर-बंगाली युवकों से कहासुनी हो गई थी। उसी का बदला लेने के लिए शुक्रवार शाम आरोपी आग्नेयास्त्र लेकर राजा पर चढ़ दौड़े।
जनता ने 4 को दबोचा, 1 फरार
गोलियों की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और चार आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा। शोरगुल का फ़ायदा उठाकर पाँचवाँ आरोपी भाग निकला। स्थानीय लोगों ने मध्यमग्राम थाने को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पहुँचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। पुलिस ने पिकेटिंग शुरू की, लेकिन स्थानीय निवासियों ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
यह घटना एक बार फिर हावड़ा के पिलखाना फायरिंग कांड की याद दिलाती है। पुलिस पलायित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चला रही है।
एकबाल, पश्चिम बंगाल

