Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। विरोध प्रदर्शन के बीच उनके काफिले के सामने लोगों ने नारेबाजी की। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा अंडे फेंके जाने की भी खबर है। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अस्पताल पहुंचीं और उनका हालचाल लिया।

प्रदर्शनकारियों ने लगाये “गो बैक” के नारे
मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर में चुनाव के बाद की स्थिति का जायजा लेने और कुछ प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने “गो बैक” के नारे लगाए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध के दौरान कुछ लोगों ने अभिषेक बनर्जी की ओर अंडे भी फेंके। हालांकि सुरक्षा में तैनात जवानों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया और उन्हें सुरक्षित घेरे में ले लिया। हालात को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें हेलमेट भी पहनाया। घटना के वीडियो और तस्वीरें देर रात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं।
This level of public anger has never been seen, Abhishek Banerjee was under a such severe mob attack that even Police were failing to rescue him. pic.twitter.com/Eot3MHPiRJ
— Sudhanidhi Bandyopadhyay (@SudhanidhiB) May 30, 2026
अचानक बिगड़ी तबीयत
हंगामे के बावजूद अभिषेक बनर्जी ने अपना कार्यक्रम पूरा करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उनकी तबीयत खराब होने की सूचना सामने आई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
TMC ने की घटना की निंदा
तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि किसी भी राजनीतिक नेता के साथ इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। वहीं, घटना के बाद इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।