विरोध की चिंगारी: क्यों सड़कों पर उतरे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता?
Youth Congress BJP headquarters gherao Nagpur: नागपुर। भारतीय युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब की गिरफ्तारी के विरोध में नागपुर शहर युवक कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय का जोरदार घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार पर दमनकारी एवं लोकतंत्र विरोधी कार्रवाई का आरोप लगाते हुए तीव्र नारेबाजी की।
गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरे युवा
आंदोलन के दौरान पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उदय भानू चिब को किसी भी प्रकार की हानि पहुंची, तो देशभर में युवक कांग्रेस उग्र आंदोलन छेड़ेगी। नेताओं ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संविधान, सत्य और लोकतंत्र की रक्षा का है। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि पूरे देश में भाजपा मुख्यालयों का घेराव कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गणेश पेठ पुलिस स्टेशन पहुंचाया। गिरफ्तारी के बाद भी नेताओं ने कहा कि उनका संघर्ष नहीं रुकेगा। उन्होंने दोहराया — “दमन, झूठे मुकदमों और आवाज दबाने की हर कोशिश का जवाब युवा शक्ति लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर देगी और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा।”
आने वाले दिनों में युवक कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन की दिशा और तेवर पर सभी की नज़र रहेगी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र