Maharashtra Cabinet tribal education decision: मुंबई/सोलापुर, 5 मई 2026। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम निर्णय लिए, जिनका सीधा असर आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों पर पड़ेगा।
आदिवासी आश्रमशालाओं का उन्नयन
आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित पाँच प्राथमिक और 19 माध्यमिक अनुदानित आश्रमशालाओं को उच्च श्रेणी में उन्नत करने की मंजूरी दी गई है। इस निर्णय के तहत प्राथमिक विद्यालयों को माध्यमिक स्तर तक और माध्यमिक विद्यालयों को कनिष्ठ महाविद्यालय स्तर तक उन्नत किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक पदों की सृजन और संबंधित खर्च की स्वीकृति भी सरकार ने प्रदान कर दी है। इस कदम से विशेष रूप से पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी बच्चों की शिक्षा को गति मिलने की उम्मीद है।
सोलापुर पॉलिटेक्निक में तीन नए इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम
उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत सोलापुर के शासकीय पॉलिटेक्निक में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से तीन नए डिग्री स्तरीय इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन शामिल हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम की प्रवेश क्षमता 60 निर्धारित की गई है। यह निर्णय सोलापुर और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगा।
तुलजापुर इंजीनियरिंग कॉलेज का हस्तांतरण
धाराशिव जिले के तुलजापुर स्थित श्री तुलजाभवानी इंजीनियरिंग महाविद्यालय को महाराष्ट्र सरकार को हस्तांतरित करने का भी निर्णय लिया गया है। सरकार के अनुसार इससे संस्थान का सशक्तिकरण होगा और छात्रों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से प्रारंभ होने की संभावना है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र