Shiv Sena Protest: नागपुर में आज शुक्रवार को राजनीति का एक अलग ही रंग देखने को मिला। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ शिवसेना ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। शिवसैनिकों ने नागपुर के सीताबर्डी स्थित व्हेरायटी चौक पर लोगों के बीच ‘मेलोडी चॉकलेट’ बांटकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री की राजनीति पर तंज कसा।
इस आंदोलन का नेतृत्व महानगर प्रमुख किशोर कुमारिया ने किया। प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने सिर और हाथों पर काली पट्टियां बांध रखी थीं। सड़क पर उतरकर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। “जनता त्रस्त, मोदी मस्त” और “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

आम आदमी पर ध्यान नहीं दे रही सरकार- शिवसेना
शिवसेना नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आम लोगों की कमर तोड़ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सरकार केवल बड़े-बड़े इवेंट और प्रचार में व्यस्त दिखाई दे रही है। नेताओं का आरोप था कि आम आदमी की परेशानियों पर ध्यान देने के बजाय सरकार सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है।
बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। नेताओं ने पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई और कहा कि युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर युवाओं को “कॉकरोच” कहे जाने को लेकर भी नाराजगी जाहिर की गई।
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के लगातार विदेश दौरों और केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में देशभर में इसी तरह के बड़े आंदोलन किए जाएंगे। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिवसैनिक शामिल हुए और काफी देर तक इलाके में राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।