Jana Nayagan: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जना नायकन इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फैंस लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन रिलीज से पहले ही आई एक खबर ने सबको चौंका दिया है। फिल्म का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर लीक हो गया है, जिससे मेकर्स की चिंता साफ तौर पर बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि फिल्म का करीब 5 मिनट का क्लिप ऑनलाइन वायरल हो रहा है। इस लीक्ड वीडियो में टाइटल क्रेडिट्स के साथ-साथ विजय के कुछ अहम सीन भी शामिल हैं। जैसे ही यह क्लिप सामने आया, फैंस के बीच हलचल मच गई। सोशल मीडिया पर लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे देखने के लिए उत्सुक हैं, तो वहीं कई फैंस इस लीक को लेकर नाराज भी नजर आ रहे हैं।
फिल्म लीक करने वालों के खिलाफ होगी क़ानूनी कार्रवाई
फिल्म से जुड़े लोगों के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं है। ऐसे मामलों में न सिर्फ फिल्म की मेहनत पर असर पड़ता है, बल्कि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ सकता है। यही वजह है कि मेकर्स अब इस लीक को लेकर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी है जना नायकन
दिलचस्प बात यह है कि जना नायकन पहले से ही विवादों में घिरी हुई है। फिल्म को पोंगल के मौके पर रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर बोर्ड की आपत्तियों के चलते इसे सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया। इसके बाद फिल्म को रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजा गया, जिससे इसकी रिलीज में देरी हो गई। इस फिल्म को एच. विनोथ ने निर्देशित किया है।
विजय के करियर की आखिरी फिल्म
फिल्म को लेकर सबसे खास बात यह है कि इसे विजय के करियर की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है। यही वजह है कि फैंस की भावनाएं इससे और भी ज्यादा जुड़ी हुई हैं। अब हर किसी की नजर फिल्म की नई रिलीज डेट पर टिकी है।