Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म धुरंधर 2 को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा होने लगी थी और अब एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी इसी उत्साह की कहानी बयां कर रहे हैं। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि 18 मार्च से इसके पेड प्रीमियर की शुरुआत की जाएगी।
24 घंटे के अंदर बिके 87 हजार से ज्यादा टिकट
रिलीज से करीब 12 दिन पहले ही मेकर्स ने एडवांस बुकिंग खोल दी है और इसका फायदा भी साफ नजर आ रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने सिर्फ 24 घंटे के अंदर 87 हजार से ज्यादा टिकट बेचकर 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। यह आंकड़ा केवल पेड प्रीमियर के टिकटों की बिक्री का है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में कितना क्रेज है।
जैसे ही पेड प्रीमियर की एडवांस बुकिंग शुरू हुई, पहले ही घंटे में 7,500 से ज्यादा टिकट बिक गए थे। वहीं Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, बुकिंग शुरू होने के सिर्फ दो घंटे के भीतर ही फिल्म ने दुनियाभर में करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया था। मल्टीप्लेक्स चेन PVR, Inox और Cinepolis पर भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला, जहां करीब 35 हजार टिकट बिके और लगभग 25 लाख रुपये की कमाई हुई।
नया रिकॉर्ड बना सकती है धुरंधर 2
फिल्म की इस शानदार शुरुआत को देखकर माना जा रहा है कि धुरंधर 2 एडवांस बुकिंग के मामले में नया रिकॉर्ड भी बना सकती है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों में फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। कई लोग अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि आगे की कहानी किस तरह सामने आएगी।
धुरंधर 2 में क्या होगा खास
अगर फिल्म की कहानी की बात करें तो इसे आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में पाकिस्तान के लियारी इलाके की राजनीति, आतंकवाद और बदले की कहानी को दिखाया गया है। पहले पार्ट में शुरू हुई कहानी अब दूसरे भाग में और आगे बढ़ेगी। इसमें हमजा के अतीत यानी जसकीरत सिंह रंगी की जर्नी को दिखाया जाएगा। साथ ही लियारी में रहमान डकैत की मौत के बाद हमजा के राज की कहानी भी सामने आएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए कुछ नए सीन भी शूट किए गए हैं। खास बात यह है कि अभिनेत्री यामी गौतम ने इसमें कैमियो किया है और एक खास सीन में नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में कुछ नए चेहरे भी देखने को मिल सकते हैं।
धुरंधर ने की 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई
पहले पार्ट धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। फिल्म ने देश में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में अब सभी की नजरें धुरंधर 2 पर टिकी हैं कि क्या यह फिल्म पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं। फिलहाल एडवांस बुकिंग के आंकड़े तो यही इशारा कर रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।