Anurag Dobhal: सोशल मीडिया पर मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल की तबीयत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। कुछ दिनों पहले सड़क हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हुए अनुराग की हालत में पहले सुधार बताया गया था, लेकिन अब उनके मैनेजर ने जानकारी दी है कि उनकी स्थिति फिर से गंभीर हो गई है।
अनुराग डोभाल के लंग्स डैमेज
अनुराग के मैनेजर रोहित ने बताया कि कल शुक्रवार सुबह तक उनकी हालत पहले से बेहतर थी और उन्हें आईसीयू से बाहर भी लाया गया था। हालांकि बाद में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। रोहित के अनुसार, एक्सीडेंट में अनुराग के फेफड़ों को काफी नुकसान पहुंचा है और लगभग आधे लंग्स डैमेज हो गए हैं। इसी वजह से उन्हें गंभीर संक्रमण हो गया है और फिलहाल डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
मैनेजर ने यह भी बताया कि अनुराग को निमोनिया हो गया है, जिसके कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से अनुराग के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है।
इंस्टाग्राम पर लाइव पर हुआ था एक्सीडेंट
दरअसल, 7 मार्च को अनुराग डोभाल का दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक्सीडेंट हो गया था। बताया जाता है कि उस समय वह इंस्टाग्राम पर लाइव थे और करीब 140 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। लाइव के दौरान वह भावुक नजर आए और अपने परिवार को लेकर कई बातें भी कही थीं। इसी दौरान अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इससे पहले अनुराग ने यूट्यूब पर एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता और भाई पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं उनके भाई कलाम ने इन आरोपों को गलत बताते हुए अनुराग से सबूत पेश करने की मांग की है। फिलहाल अनुराग का इलाज जारी है और उनके चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।