‘मेरे बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं’, जमानत पर बाहर आने के बाद पहली बार बोलीं सोनम रघुवंशी

राजा रघुवंशी हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आई सोनम रघुवंशी ने पहली बार मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने अपने खिलाफ फैलाई जा रही अफवाहों को गलत बताया और कहा कि मामला अभी कोर्ट में है, इसलिए वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं कर सकती हैं।
विषयसूची
Sonam Raghuvanshi: राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी मानी जा रही सोनम रघुवंशी ने जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद पहली बार मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा है। सोनम ने कहा कि उनके बारे में कई तरह की गलत बातें फैलाई जा रही हैं और लोगों को इन अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में सोनम ने कहा, “मेरे बारे में अफवाह फैलाई जा रही है। कृपया इन बातों पर ध्यान न दें। मामला अभी कोर्ट में चल रहा है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं बोल सकती।” उन्होंने यह भी कहा कि वह कोर्ट के हर फैसले का सम्मान करती हैं और आगे भी करती रहेंगी।
Sonam Raghuvanshi, one of the accused in the Raja Raghuvanshi honeymoon murder case, said she has been complying with all bail conditions and urged the public not to believe rumours as the case remains under trial.
Speaking to EastMojo after appearing before a Shillong court… pic.twitter.com/NtV1rfN92c
— EastMojo (@EastMojo) June 15, 2026
क्या है पूरा मामला ?
बता दें कि मई 2025 में मध्य प्रदेश के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय के शिलॉन्ग में हत्या कर दी गई थी। उस समय राजा अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ हनीमून पर गए थे। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस हत्या ने पूरे देश को चौंका दिया था। बाद में जांच में सोनम का नाम भी सामने आया और उन्हें इस मामले में आरोपी बनाया गया।
सोनम रघुवंशी को मिली है सशर्त जमानत
हाल ही में सोनम को सशर्त जमानत मिली है। जमानत की शर्तों के अनुसार वह फिलहाल शिलॉन्ग से बाहर नहीं जा सकती हैं। सोनम ने मीडिया को बताया कि वह अभी भी शिलॉन्ग में ही रह रही हैं। हालांकि सुरक्षा कारणों से उन्होंने अपने रहने की जगह का खुलासा करने से इनकार कर दिया।
सोनम ने यह भी दावा किया कि वह अपना खर्च खुद उठा रही हैं और किसी से आर्थिक मदद नहीं ले रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि वह खर्च के लिए पैसे कहां से ला रही हैं, तो उन्होंने इस बारे में जानकारी देने से मना कर दिया।
नेपाल भागने की अफवाह झूठी
जमानत मिलने के बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में यह चर्चा भी हुई थी कि सोनम नेपाल भाग सकती हैं या वहां चली गई हैं। इन खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वह शिलॉन्ग से बाहर नहीं गई हैं और उनके बारे में फैलाई जा रही ऐसी बातें पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें।
सोनम के परिवार वालों ने तोड़ा रिश्ता
वहीं दूसरी ओर, सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी पहले ही कह चुके हैं कि परिवार ने उनसे दूरी बना ली है। उनका कहना है कि परिवार ने सोनम के लिए कोई वकील तक नहीं किया है और उसे उसके हाल पर छोड़ दिया है। परिवार ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि सोनम इंदौर लौटती हैं तो उन्हें घर में नहीं रखा जाएगा।
फिलहाल यह मामला ट्रायल कोर्ट में विचाराधीन है और सभी की नजरें कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

