Samrat Choudhary: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आखिरकार साकार हो गया। सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री बन गए। पटना के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिला।
सीएम और डिप्टी सीएम ने ली शपथ
राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ के साथ ही बिहार के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया, क्योंकि यह पहला मौका है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता बिहार का मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। फिलहाल केवल इन तीन नेताओं ने ही शपथ ली है। अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण फिलहाल नहीं हुआ है।
कैबिनेट में 33 मंत्री पद खाली
हालांकि, नई एनडीए सरकार के गठन के बावजूद कैबिनेट में अभी 33 मंत्री पद खाली हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग दलों और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश होगी। मालूम हो कल 14 अप्रैल को ही नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था.
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए कई दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह भव्य लेकिन सीमित रखा गया। इसमें कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। समारोह में जेपी नड्डा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी जैसे प्रमुख नेता शामिल हुए। इस मौके को एनडीए की ताकत के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।