Bihar Politics: बिहार की राजनीति में आज मंगलवार का दिन बेहद अहम साबित होने जा रहा है। लंबे समय से सत्ता की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। इस खबर ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है, बल्कि आम लोगों के बीच भी उत्सुकता और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। और हर किसी के मन में अब यही सवाल है कि आखिर बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.
एक ही गाड़ी में नजर आये नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी
आज सुबह से ही पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर राजनीतिक गतिविधियां तेज नजर आईं। वरिष्ठ नेता संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी आवास पर पहुंचे। वहीं मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी एक ही गाड़ी में बाहर निकले।
नीतीश कैबिनेट की अंतिम बैठक
आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक हुई। यह बैठक मौजूदा सरकार के कार्यकाल की आखिरी औपचारिक प्रक्रिया मानी जा रही है। इसके बाद एनडीए गठबंधन के सभी घटक दल जनता दल यूनाइटेड, भारतीय जनता पार्टी, हम, आरएलजेपी और आरएलएम अपने-अपने विधायकों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे एक अणे मार्ग स्थित आवास पर JDU विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार
दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि 20 नवंबर 2025 को शपथ लेने के बाद यह कार्यकाल महज 145 दिनों का रहा, जो उनके राजनीतिक करियर के छोटे कार्यकालों में से एक है।
शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक
शाम 4 बजे NDA विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस अहम बैठक में शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। उनके नेतृत्व में सभी दल मिलकर नए चेहरे पर सहमति बनाएंगे।