जरूर पढ़ें

दुर्गापुर में BJP और TMC समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, अमित शाह के रोड शो के बाद भड़की हिंसा, कई घायल

दुर्गापुर में BJP और TMC समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, अमित शाह के रोड शो के बाद भड़की हिंसा, कई घायल
दुर्गापुर में BJP और TMC समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, अमित शाह के रोड शो के बाद भड़की हिंसा, कई घायल (Pic Credit- ANI)

दुर्गापुर में चुनावी माहौल के बीच अचानक हालात बिगड़ गए और दो राजनीतिक दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस तैनात है, लेकिन तनाव बरकरार है। आखिर क्या है इस झड़प की असली वजह, जानिए पूरी खबर।

Updated:

TMC and BJP Clash: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। कल सोमवार को दुर्गापुर में जोश और भीड़ के बीच निकला अमित शाह का रोड शो खत्म होते ही हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। कुछ ही घंटों बाद शहर के बांकुरा मोड़ इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

कई लोग गंभीर रूप से घायल

घटना पश्चिम बंगाल के कोकओवन थाना क्षेत्र की है, जहां देर शाम तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में दोनों ओर से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए विधान नगर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाके में तनाव का माहौल

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक हुए इस तनाव से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल पैदा हो गया। कई लोगों ने अपने घरों और दुकानों के शटर तुरंत बंद कर दिए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

दोनों पार्टियों ने लगाये एक-दूसरे पर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घरुई और तृणमूल उम्मीदवार कबी दत्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। इस दौरान दोनों ही दलों के नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।

भाजपा का आरोप

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि उनके कार्यकर्ताओं पर हमला सिर्फ इसलिए किया गया क्योंकि वे अमित शाह के रोड शो में शामिल हुए थे। भाजपा नेता और घायल कार्यकर्ता रवि दास ने दावा किया कि तृणमूल समर्थकों ने उन्हें निशाना बनाकर हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।

टीएमसी का आरोप

वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। तृणमूल उम्मीदवार कबी दत्ता ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा खुद माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने पहले तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया और फिर विवाद को बढ़ाया।

इस पूरी घटना के बाद दुर्गापुर में राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमा गया है। चुनाव के अंतिम चरण में इस तरह की हिंसक घटनाएं प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।