Siwan canal restoration project In Bihar: सिवान में सिंचाई क्रांति की शुरुआत
हुसैनगंज प्रखंड के पैगंबरपुर उप लघु नहर व उप शाखा नहर के पुनरुत्थान को 82.988 लाख रुपये की स्वीकृति
सिवान। जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार ने सिवान जिले के हुसैनगंज प्रखंड अंतर्गत पैगंबरपुर उप लघु नहर, 19.84 किलोमीटर लंबी उप शाखा नहर तथा जुड़कन व रसीदचक से जुड़ी लघु नहरों के पुनर्गठन एवं मरम्मत कार्य के लिए ₹82 लाख 988 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह निर्णय क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को नई मजबूती देने वाला साबित होगा।
विभाग के संयुक्त सचिव आलोक कुमार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि योजनाओं के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई है। योजना के तहत मुख्य शीर्ष 2700 (मुख्य सिंचाई), अपसेट्स सिंचाई परियोजना (लघु) शीर्ष 101 तथा रखरखाव एवं मरम्मत मांग संख्या 49 के अंतर्गत व्यय किया जाएगा। पत्र कोड 2700041010001 निर्गत किया जा चुका है।
जिम्मेदारी तय, समय सीमा निर्धारित
निकासी एवं व्यय पदाधिकारी: कार्यपालक अभियंता, सारण प्रमंडल, सिवान
नियंत्रण पदाधिकारी: प्रधान सचिव, जल संसाधन विभाग, पटना
राशि की निकासी सिवान से होगी
महालेखाकार, बिहार से प्राधिकार पत्र की आवश्यकता नहीं
Siwan canal restoration project In Bihar: वित्तीय वर्ष 2026-27 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
संबंधित संचिका संख्या 68/2025 के तहत विभागीय स्थानीय वित्त समिति, स्कीम स्क्रीनिंग समिति एवं आंतरिक वित्तीय सलाहकार समिति से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद बिहार राज्यपाल के आदेश से अंतिम प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।🌾 किसानों के लिए वरदान साबित होगी योजना
इस योजना के पूरा होने के बाद हुसैनगंज प्रखंड के पैगंबरपुर, रसीदचक, जुड़कन एवं आसपास के गांवों में किसानों को सिंचाई के लिए पंपसेट पर निर्भरता काफी हद तक कम करनी पड़ेगी। अब किसान अधिकतर उप लघु नहर और उप शाखा नहर के पानी पर निर्भर हो सकेंगे, जिससे—
डीजल और बिजली खर्च में भारी कमी आएगी
समय पर खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचेगा
फसल उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी
रबी और खरीफ दोनों मौसम में बेहतर सिंचाई संभव होगी
छोटे और सीमांत किसानों को विशेष राहत मिलेगी
नहरों के पुनरुत्थान से खेतों तक पानी की सतत और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वर्षों से जर्जर पड़ी नहरों के सुधरने से कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा, किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह योजना सिवान जिले में सिंचाई ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ किसानों के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।