आज से शुरू होगा झारखंड टी-20 लीग, दर्शकों की फ्री एंट्री, उद्घाटन समारोह में पहुंचेंगे धोनी और कनिका कपूर

झारखंड क्रिकेट के लिए आज का दिन बेहद खास है। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित पहली झारखंड टी-20 लीग का आगाज आज से होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह में महेंद्र सिंह धोनी और बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।
विषयसूची
Jharkhand T20 League 2026: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में आज, 10 जून का दिन खास होने जा रहा है। पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित की जा रही झारखंड टी-20 लीग 2026 का आगाज आज से जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में होगा। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।उद्घाटन समारोह को और भी खास बनाने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड के सबसे बड़े क्रिकेट आइकन महेंद्र सिंह धोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उद्घाटन समारोह में कनिका कपूर के लाइव कॉन्सर्ट से माहौल और भी गुलजार होगा।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय के अनुसार, धोनी ने आयोजन में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। वह उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे और झारखंड क्रिकेट को नई पहचान देने के इस प्रयास का हिस्सा बनेंगे। धोनी की मौजूदगी से टूर्नामेंट की भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।
स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश नि:शुल्क
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार और डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है, जिससे बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है।
रोजाना होंगे दो मैच
टूर्नामेंट के लीग चरण में प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 12 बजे जबकि दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। आज उद्घाटन दिन पर पहला मुकाबला छोटानागपुर रॉयल्स और रांची टाइटंस के बीच खेला जाएगा। वहीं दिन का दूसरा मुकाबला कोयलांचल सुपर किंग्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच होगा।
लीग चरण के मुकाबलों के बाद 22 जून को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 23 जून को रात 7:30 बजे फाइनल मुकाबले के साथ पहले झारखंड टी-20 लीग चैंपियन का फैसला होगा।
झारखंड टी-20 लीग 2026 का कार्यक्रम
| दिनांक | मुकाबला | समय |
|---|---|---|
| 10 जून | छोटानागपुर रॉयल्स vs रांची टाइटंस | 12:00 बजे |
| 10 जून | कोयलांचल सुपर किंग्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स | 7:30 बजे |
| 11 जून | छोटानागपुर रॉयल्स vs धनबाद डायमंड्स | 12:00 बजे |
| 11 जून | रांची टाइटंस vs संथाल स्ट्राइकर्स | 7:30 बजे |
| 12 जून | छोटानागपुर रॉयल्स vs कोयलांचल सुपर किंग्स | 12:00 बजे |
| 12 जून | धनबाद डायमंड्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स | 7:30 बजे |
| 13 जून | रांची टाइटंस vs कोयलांचल सुपर किंग्स | 12:00 बजे |
| 13 जून | छोटानागपुर रॉयल्स vs संथाल स्ट्राइकर्स | 7:30 बजे |
| 14 जून | रांची टाइटंस vs जमशेदपुर स्टीलर्स | 12:00 बजे |
| 14 जून | धनबाद डायमंड्स vs कोयलांचल सुपर किंग्स | 7:30 बजे |
| 15 जून | रांची टाइटंस vs संथाल स्ट्राइकर्स | 12:00 बजे |
| 15 जून | छोटानागपुर रॉयल्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स | 7:30 बजे |
झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू हो रही यह लीग राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।

