महाराष्ट्र: 30 दिनों तक 6 जिलों में लगेंगे रोजगार मेले, 50 से ज्यादा बड़ी कंपनियां देंगी नौकरी; कल से चंद्रपुर में होगी शुरुआत

महाराष्ट्र के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका सामने आया है। गोविंदराव वंजारी फाउंडेशन की ओर से 30 दिनों में 6 जिलों में विशाल रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। चंद्रपुर से शुरू हो रहे इस अभियान में 50 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी और युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
विषयसूची
Rojgar Mela: महाराष्ट्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए गोविंदराव वंजारी फाउंडेशन ने 30 दिनों तक राज्य के 6 जिलों में बड़े रोजगार मेलों के आयोजन की घोषणा की है। इस अभियान की शुरुआत कल 13 जुलाई को सुबह 9 बजे चंद्रपुर के जिजाऊ हॉल, दाताला रोड से होगी। यह पहल नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक अभिजीत वंजारी के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है।
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर पास उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। मेले का मुख्य उद्देश्य शिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर करियर से जोड़ना है।
बड़ी-बड़ी कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर
रोजगार मेले में Amazon, Hexaware, Altius, Axis Bank, ICICI Bank, CEAT, Justdial, Hyundai, TATA Motors, NEXA, Fusion Finance, Pix Transmission समेत 50 से अधिक नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसके अलावा आईटी, बैंकिंग, फाइनेंस और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी कंपनियां नागपुर, पुणे और मुंबई में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए भी किया जायेगा तैयार
उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए तैयार करने के लिए प्री-प्लेसमेंट टॉक भी आयोजित की जाएगी। इसमें विशेषज्ञ रिज्यूमे बनाने, इंटरव्यू में आत्मविश्वास के साथ जवाब देने, व्यक्तित्व विकास और नौकरी पाने के लिए जरूरी कौशलों पर मार्गदर्शन देंगे, ताकि युवाओं को चयन प्रक्रिया में मदद मिल सके।
इस कार्यक्रम में सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक विजय वडेट्टीवार, विधायक सुधाकर अडबाले, विधायक अभिजीत वंजारी और पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुभाष धोटे भी मौजूद रहेंगे।
कैसे करें पंजीकरण ?
गोविंदराव वंजारी फाउंडेशन और विधायक अभिजीत वंजारी ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले के लिए पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठाएं। इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए +91 88057 42146 पर संपर्क कर सकते हैं।

