LPG Safety Song: महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में एलपीजी वितरण वाहनों पर बजेगा सुरक्षा गीत

LPG Safety Song: महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में एलपीजी वाहनों पर बजेगा 'भाई आया रे गैस सिलेंडर' सुरक्षा गीत। उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने की अनोखी पहल।
विषयसूची
महाराष्ट्र सरकार की अनूठी पहल
LPG Safety Song: घरेलू एलपीजी (LPG) गैस उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन’ की एक अनूठी पहल को महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा समर्थन दिया है। अन्न, नागरिक आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण विभाग तथा जिला आपूर्ति कार्यालयों के निर्देशों के तहत अब राज्य के सभी 36 जिलों में एलपीजी वितरण वाहनों पर लाउडस्पीकर के जरिए ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ जागरूकता गीत बजाना अनिवार्य कर दिया गया है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य गैस वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता लाना, उपभोक्ताओं के साथ होने वाली धोखाधड़ी को रोकना तथा ओवरचार्जिंग और कालाबाजारी पर लगाम लगाना है। इसके साथ ही, नागरिकों को एलपीजी के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना भी इस अभियान का अहम हिस्सा है। यह सुरक्षा गीत फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन माणिकराव सोलंके की संकल्पना और निर्माण पर तैयार किया गया है।
गीत के माध्यम से दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियां
इस जागरूकता गीत के जरिए ग्राहकों को निम्नलिखित जरूरी सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है:
-
वजन की जांच: डिलीवरी लेते समय सिलेंडर का वजन जरूर करवाएं।
-
वैधता और लीकेज: सिलेंडर की एक्सपायरी डेट और गैस लीकेज की अच्छी तरह जांच करें।
-
अधिकृत भुगतान: अधिकृत रसीद पर छपी कीमत से ज्यादा पैसे बिल्कुल न दें।
-
सुरक्षा उपाय: घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक (कमर्शियल) या वाहनों में अवैध इस्तेमाल न करें। रात में सोने से पहले और उपयोग के बाद गैस रेगुलेटर को हमेशा बंद रखें।
प्रशासन के कड़े निर्देश और निगरानी
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे वितरण वाहनों पर अपनी एजेंसी का नाम स्पष्ट रूप से लिखें। इसके अलावा, डिलीवरी कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड और सुरक्षा यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण वाहनों की अचानक जांच भी की जाएगी,और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस जन-जागरूकता गीत का संगीत और गायन सैम ए.आर. ने, गीत लेखन अमन कबीर ने, संगीत संयोजन दर्शन सुतार ने, मिक्सिंग-मास्टरिंग शुभम भूत ने तथा वीडियो संपादन शांतनु जैन ने किया है। ‘ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन’ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सिलेंडर लेते समय वजन और सुरक्षा नियमों का हमेशा पालन करें।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

