आशा भोसले की सोच को मिलेगा नया रूप
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को घोषणा की कि दिवंगत वरिष्ठ गायिका आशा भोसले की संकल्पना के अनुरूप एक संगीत संस्था स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को गंभीरता से आगे बढ़ाएगी और इसे साकार करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और अन्य मंत्री उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने आशा भोसले के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़कर सुनाया। इसके बाद सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
युवाओं और संगीत को मिलेगा सहारा
स्वर्गीय आशा भोसले ने अपने जीवनकाल में एक ऐसी संगीत संस्था की परिकल्पना की थी जो युवा कलाकारों को प्रोत्साहित करे और भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट किया कि सरकार इस सपने को जमीन पर उतारने के लिए सकारात्मक पहल करेगी।
राज्य सरकार की ओर से संस्था की स्थापना को लेकर आगे की कार्ययोजना शीघ्र तैयार किए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र