Mumbai News: युवाओं से संवाद से पहले सरकार को माफी मांगनी चाहिए, बोले अतुल लोंढे

Atul Londhe Youth Dialogue Government Apology Demand: मुंबई में कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि जेन-ज़ी (Gen-Z) और जेन अल्फा (Gen Alpha) के युवाओं से संवाद करने से पहले उनसे सार्वजनिक माफी मांगी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान युवाओं के साथ गलत व्यवहार हुआ। लोंढे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से भी माफी की मांग करते हुए युवाओं का विश्वास वापस जीतने की बात कही।
विषयसूची
युवाओं के भरोसे का सवाल
Atul Londhe Youth Dialogue Government Apology Demand: मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के जेन-ज़ी (Gen-Z) और जेन अल्फा (Gen Alpha) युवाओं से संवाद को “केवल दिखावा” करार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगी जानी चाहिए, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह से भी माफी मंगवाई जानी चाहिए।
मुंबई के टिलक भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोंढे ने कहा कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशभर में लाखों युवाओं ने आंदोलन किया था, जिसे समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आंदोलनकारी युवाओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया लाठीचार्ज और पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया, और छात्राओं के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार भी हुआ। लोंढे के मुताबिक, आंदोलन में शामिल युवाओं को देशद्रोही और पाकिस्तान समर्थक बताकर बदनाम करने की कोशिश की गई।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।”
लोंढे ने यह भी आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों और आरएएफ जवानों से लाठीचार्ज कराया गया, और पत्थरों से भरा ट्रक लाकर आंदोलनकारियों को बदनाम करने की कोशिश हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि पेलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया, और मोदी-शाह संसद में बयान देकर माफी मांगने से क्यों बच रहे हैं।
लोंढे ने स्पष्ट किया कि जब तक मोदी और शाह माफी नहीं मांगते, युवाओं का भागवत पर विश्वास कायम नहीं होगा। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर कांग्रेस और तेज होते विरोध की संभावना है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

