राज्य में 30 मार्च से तेज बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
Maharashtra unseasonal rain hailstorm alert March April: मुंबई, 28 मार्च। महाराष्ट्र में 30 मार्च से 4 अप्रैल के बीच मौसम में बड़ा बदलाव आने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मार्च से दोपहर बाद गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
30 मार्च को किन इलाकों पर सबसे ज़्यादा असर?
खानदेश, मराठवाड़ा, पश्चिम विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बिजली की कड़क, तेज हवाएं, भारी बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शेष विदर्भ में भी आंशिक मौसम बदलाव देखा जा सकता है।
किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने की दी गई सलाह
31 मार्च को राहत, लेकिन सतर्कता ज़रूरी
31 मार्च को बारिश की तीव्रता 30 मार्च की तुलना में कुछ कम रह सकती है, हालांकि इन इलाकों में अस्थिर मौसम और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
1 से 4 अप्रैल – फिर बढ़ेगा मौसम का कहर
1 से 4 अप्रैल के बीच मध्य महाराष्ट्र, खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई हिस्सों में फिर से गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होने का प्राथमिक अनुमान है। दोपहर बाद तेज बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी बनी रहेगी।
किसानों के लिए कृषि विभाग की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अनुरोध किया है कि रबी फसलों की कटाई जारी होने के मद्देनज़र कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, जिससे बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं।
बिजली गिरने पर नागरिक बरतें ये सावधानियां
विभाग ने यह भी सलाह दी है कि गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान नागरिक और किसान स्वयं एवं अपने पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इस दौरान पेड़ों के नीचे, टिन शेड के नीचे तथा ट्रांसफॉर्मर, बिजली के खंभों और तारों के पास खड़े होने से बचें।
मौसम विभाग अगले कुछ दिनों में स्थिति के अनुसार अपडेट जारी करता रहेगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र