नागपुर में 50 किलो से अधिक गांजा जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार

नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो 560 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विषयसूची
Nagpur Ganja Seized: नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के नारकोटिक्स (एनडीपीएस) सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पारडी थाना क्षेत्र से 50 किलो 560 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में ओडिशा के संबलपुर निवासी एक अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई भंडारा-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन उपज नाका के सामने स्थित उमिया कॉम्प्लेक्स के पास की गई। एनडीपीएस पथक गश्त पर था। इसी दौरान एक छह चक्का ट्रक के चालक की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए दो पंचों की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से 50 किलो 560 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर ट्रक चालक मोहम्मद अलाउद्दीन मोहम्मद जमालुद्दीन शराफत अली मलिक (40), निवासी माडा क्वार्टर, कपिलनगर थाना क्षेत्र, नागपुर को गिरफ्तार कर लिया।
27 लाख 79 हजार का सामन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा अशोक लेलैंड कंपनी का छह चक्का ट्रक और ओपो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। जब्त किए गए सभी सामान की कुल अनुमानित कीमत 27 लाख 79 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में पारडी पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी) और 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत अपराध शाखा के अमली पदार्थ विरोधी पथक के पुलिस उपनिरीक्षक संदीप जाधव ने दर्ज कराई है।
ओडिशा से गांजा सप्लाई होने की आशंका
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गांजे की आपूर्ति ओडिशा के संबलपुर से होने की आशंका है। फरार अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले की आगे की जांच अपराध शाखा कर रही है।

