जिम्मेदारी और मेहनत के साथ हासिल की बड़ी सफलता
Alfiya Khan Pathan Asian Elite Boxing Championship: नागपुर। सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल में टिकट कलेक्टर (टीसी) के पद पर कार्यरत अल्फिया खान पठान ने उलानबटार, मंगोलिया में आयोजित एशियन एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर नागपुर, महाराष्ट्र और पूरे देश का नाम रोशन किया है।
28 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में एशिया के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाजों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की दीना इस्लामोवा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अल्फिया ने रजत पदक हासिल किया।
यह अल्फिया की चौथी एशियन चैंपियनशिप थी — एक ऐसी उपलब्धि जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी निरंतरता और बढ़ती साख को प्रमाणित करती है।
शानदार रहा है अल्फिया का अंतरराष्ट्रीय सफर
अब ओलंपिक 2028 के बड़े लक्ष्य पर नजर
अल्फिया का करियर पदकों से भरा रहा है। उन्होंने 2022 एएसबीसी एशियन एलीट बॉक्सिंग चैंपियनशिप और 2021 एआईबीए यूथ वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीते। यूथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्हें प्रतिष्ठित ‘बेस्ट बॉक्सर’ पुरस्कार से भी नवाजा गया था। इसके अलावा 2019 एशियन जूनियर चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2024 एशियन अंडर-22 एवं यूथ चैंपियनशिप में रजत पदक भी उनके नाम हैं।
नागपुर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी, रिंग में अंतरराष्ट्रीय पहचान
नागपुर रेलवे स्टेशन पर रोज़ाना की जिम्मेदारियाँ निभाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का प्रदर्शन करना अल्फिया की कड़ी मेहनत और अटूट अनुशासन का जीता-जागता प्रमाण है। महाराष्ट्र की शुरुआती महिला मुक्केबाजों में शामिल अल्फिया आज देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
अब अल्फिया खान पठान की नजर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर टिकी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र