Forsten’s Cat Snake Nagpur: नागपुर में फिर दिखा दुर्लभ ‘फॉर्स्टेन कैट स्नेक

Forsten’s Cat Snake Nagpur: नागपुर के हुडकेश्वर में अत्यंत दुर्लभ फॉर्स्टेन कैट स्नेक देखा गया। सर्पमित्रों ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।
विषयसूची
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद छोड़ा गया जंगल में
Forsten’s Cat Snake Nagpur: नागपुर शहर में वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी और दुर्लभ खबर सामने आई है। हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के अड्याली गांव में एक बार फिर अत्यंत दुर्लभ फॉर्स्टेन कैट स्नेक देखा गया है। शहर में इस प्रजाति के पाए जाने की यह मात्र दूसरी घटना है।
पेड़ पर दिखाई दिया भूरे रंग का बड़ा सांप
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब 3 बजे अड्याली गांव निवासी राहुल पटले को उनके घर के पास स्थित एक पेड़ पर भूरे रंग का एक बड़ा सांप दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए तुरंत इसकी सूचना ‘हेल्प फॉर एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन, नागपुर’ को दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सर्पमित्र प्रतीक धवड़ तुरंत मौके पर पहुंचे और बेहद सावधानी के साथ सांप का सफल रेस्क्यू किया। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद स्थानीय नागरिकों ने बड़ी राहत की सांस ली। इसके बाद इस दुर्लभ सांप को उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास (जंगल) में सुरक्षित रूप से निसर्गमुक्त कर दिया गया।
फॉर्स्टेन कैट स्नेक की मुख्य विशेषताएं
-
वैज्ञानिक नाम: Boiga forsteni
-
स्वभाव: यह मुख्य रूप से पेड़ों पर रहने वाला रात में सक्रिय रहने वाला और हल्का विषैला सांप है।
-
शारीरिक बनावट: इसका शरीर लंबा और किनारों से कुछ चपटा होता है। इसका सिर गर्दन की तुलना में चौड़ा और आंखें बिल्ली की तरह लंबवत पुतलियों वाली होती हैं। आंखों के पीछे से मुंह की ओर एक गहरी पट्टी पाई जाती है। शरीर पर काले या भूरे रंग के धब्बेदार निशान होते हैं।
-
भोजन: यह मुख्य रूप से छिपकलियों जैसे सरिसृप, छोटे पक्षी और चमगादड़ों का शिकार करता है।
-
कानूनी संरक्षण: वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में वर्ष 2022 के संशोधन के बाद इस प्रजाति को अनुसूची-2 में शामिल किया गया है जो इसे विशेष कानूनी संरक्षण प्रदान करता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

