हुड़केश्वर एटीएम फ्रॉड, सिर्फ एक प्लास्टिक पट्टी से खाली कर दिए 41 लोगों के खाते

नागपुर के हुड़केश्वर में एटीएम फ्रॉड का खुलासा हुआ है। प्लास्टिक पट्टी लगाकर 41 ग्राहकों से 1.52 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार किए गए।
विषयसूची
बैंक की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
नागपुर के हुडकेश्वर इलाके में एटीएम फ्रॉड गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी एटीएम के कैश डिस्पेंसर में प्लास्टिक की पट्टी लगाकर ग्राहकों का कैश बाहर निकलने से रोकते थे। ग्राहक के वहां से जाने के बाद आरोपी पट्टी निकालकर रकम हड़प लेते थे। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में 41 ग्राहकों से करीब 1 लाख 52 हजार रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।
कैसे हुआ खुलासा
यह मामला हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के कैनरा बैंक एटीएम का है। ग्राहकों ने एटीएम से पैसे न निकलने की शिकायत बैंक मैनेजर से की थी। इसके बाद बैंक स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला जिसमें दो संदिग्ध युवक एटीएम के कैश डिस्पेंसर में प्लास्टिक पट्टी लगाते और बाद में उसे निकालते दिखाई दिए।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान 27 सितंबर को मानेवाड़ा रोड स्थित पडोले मेडिकल के पास एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान सतीश गोरेलाल राजपूत निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी में आरोपी के पास से 5 काली पट्टियां, चिपकने वाला टेप, फेविक्विक, कैंची, अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और 7,500 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में सतीश ने अपने साथी धमेंद्र शाहू, निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने धमेंद्र को सीताबर्डी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
12 से 14 सितंबर के बीच की थी वारदातें
पुलिस के मुताबिक दोनों ने 12 से 14 सितंबर के बीच एटीएम से कई बार रकम निकाली थी। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। हुडकेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से एटीएम फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

