नागपुर से बल्लारशाह और आमला रेलखंड पर अवैध वेंडरों की बढ़ती गतिविधियों से यात्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए

Nagpur Ballarshah Amla Illegal Vendors Train: नागपुर से बल्लारशाह और नागपुर से आमला रेलखंड पर ट्रेनों में अवैध वेंडरों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर यात्रियों ने चिंता जताई है। यात्रियों का आरोप है कि बिना अनुमति वाले लोग सामान बेच रहे हैं और कुछ पर नशीले पदार्थों से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से नियमित जांच, निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विषयसूची
नागपुर रेलखंड पर यात्रियों ने उठाई सुरक्षा की मांग
Nagpur Ballarshah Amla Illegal Vendors Train: नागपुर से बल्लारशाह और नागपुर से आमला रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में अवैध वेंडरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि बड़ी संख्या में बिना अधिकृत अनुमति के वेंडर ट्रेनों में चढ़कर सामान बेचते हैं।
यात्रियों के अनुसार, इनमें से कई वेंडर शराब के नशे में होते हैं और गांजा-चरस जैसे मादक पदार्थों का सेवन करते पाए जाते हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
आरोप है कि कुछ वेंडर खुलेआम गुटखा, पान मसाला, सिगरेट और तंबाकू उत्पाद बेचते हैं। कुछ पर अवैध रूप से शराब और गांजे की पुड़ियां बेचने के गंभीर आरोप भी हैं, जिससे रेलवे नियमों का उल्लंघन और नशीले पदार्थों की बिक्री, दोनों को बढ़ावा मिल रहा है।

अवैध वेंडरों पर कार्रवाई की मांग तेज हुई
स्थानीय और नियमित यात्रियों का कहना है कि इस पर रोक के लिए न तो रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ (RPF) और न ही गवर्नमेंट रेलवे पुलिस जीआरपी (GRP) नियमित जांच अभियान चलाते हैं। इसी वजह से अवैध वेंडर बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से पूरे रेलखंड पर विशेष अभियान चलाने, अवैध वेंडरों की पहचान करने और नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई से ही यात्री सुरक्षा सुनिश्चित हो सकती है।
अब देखना यह है कि इन शिकायतों पर आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) कब और क्या कार्रवाई करते हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

