नागपुर में होटल से बुलाकर युवक से लूटपाट, तीन घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार

नागपुर बोरगांव चौक युवक लूट पांच आरोपी गिरफ्तार: नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में 24 सितंबर की रात युवक शोएब खान को होटल से बुलाकर बोरगांव चौक के पास मारपीट कर आईफोन और नकदी लूट ली गई। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर तीन घंटे में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 47 हजार रुपये नकद, मोबाइल और वाहन बरामद किए।
विषयसूची
होटल से बुलाकर युवक से लूटपाट
नागपुर बोरगांव चौक युवक लूट पांच आरोपी गिरफ्तार: नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में एक युवक से लूटपाट के मामले का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना 24 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है। उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी 27 वर्षीय शोएब खान नागपुर आया था। वह एसी रिपेयरिंग के साथ फ्रूट एक्सपोर्ट-इंपोर्ट का काम करता है। शोएब पहले से आरोपी तारेंद्र उर्फ बिट्टू ठाकुर और निखिल खाकरे को जानता था, और उसके नागपुर आने की जानकारी आरोपियों को पहले से थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले शोएब को रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में ठहराया। इसके बाद उसे बोरगांव चौक स्थित दिनशा फैक्टरी के पास बौद्ध विहार के सामने बुलाया गया। वहां आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर शोएब के साथ मारपीट की और उसका आईफोन व नकदी छीन ली। शोएब के शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
तीन घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर तीन घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 47 हजार रुपये नकद, शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन, तीन आरोपियों के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारेंद्र उर्फ बिट्टू ठाकुर, निखिल खाकरे, रजत बोनगिरी, समीर शेख और त्रवेश कांबले के रूप में हुई है।
गिट्टीखदान पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

