Nagpur Gold Smuggling: नागपुर में डीआरआई का बड़ा एक्शन, 2 किलो से ज्यादा सोना बरामद

Nagpur Gold Smuggling: नागपुर रेलवे स्टेशन पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई। बांग्लादेश के रास्ते लाए गए 4 करोड़ के सोने के साथ एक तस्कर गिरफ्तार जानें पूरा मामला।
विषयसूची
बांग्लादेश से हो रही सोने की तस्करी का पर्दाफाश
Nagpur Gold Smuggling: नागपुर रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए विदेशी निर्मित सोने की 16 ईंटें जब्त की हैं। बरामद किए गए सोने का कुल वजन 2 किलो 165 ग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹3.99 करोड़ बताई जा रही है। मामले में शामिल एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
सूत्रों के अनुसार डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में सोने की एक बड़ी खेप पहुंचाई गई है और इसे ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जरिए नागपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही डीआरआई की टीम ने 8 अगस्त को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध यात्री को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ।
पहचान मिटाने और छिपाने का अनोखा तरीका
जांच में सामने आया कि तस्करों ने सोने की असली पहचान छिपाने के लिए ईंटों पर लगी मूल मुहरों को मिटाने का प्रयास किया था। सोने की ईंटों को पहले भूरे रंग के सेलो टेप से कसकर लपेटा गया और फिर उन्हें पुराने अखबारों की परतों में छिपाया गया था ताकि किसी को शक न हो।
जांच में जुटे अधिकारी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह सोना किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के मकसद से ले जा रहा था। डीआरआई ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि बांग्लादेश से यह सोना किस रास्ते भारत लाया गया इस गिरोह के पीछे कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं और नागपुर में यह खेप किसे डिलीवर की जानी थी।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

