Nagpur Hotel Murder News: होटल के कमरे में प्रेमिका की हत्या कर खून से भरी मांग, आरोपी की हालत गंभीर

Nagpur Hotel Murder News: प्यार का खौफनाक अंत।नागपुर के होटल में रेलवेकर्मी युवती की हत्या कर प्रेमी ने खून से भरी मांग। आखिर क्या थी इस खूनी विवाद की वजह पढ़ें पूरी खबर।
विषयसूची
नागपुर के होटल में खौफनाक वारदात
Nagpur Hotel Murder News: नागपुर के बेलतारोड़ी थाना क्षेत्र के मनीष नगर स्थित एक निजी होटल (होटल स्टोरियस) में प्रेम संबंध के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने आपसी विवाद के बाद अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और इसके बाद उसके खून से ही उसकी मांग भर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतका रेलवे में करती थी नौकरी
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शिवानी गजभिए और आरोपी की पहचान शिवम एतराम के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। शिवानी रेलवे विभाग में नौकरी करती थीं और नागपुर के अजनी रेलवे क्वार्टर परिसर में रहती थीं। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध चल रहा था।
विवाद के बाद हुआ खूनी संघर्ष
मंगलवार को शिवम और शिवानी नागपुर के मनीष नगर स्थित होटल स्टोरियस में ठहरे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शिवम ने कथित तौर पर शिवानी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस गंभीर हमले में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी युवक ने मृतका की मांग में उसके ही खून से सिंदूर भर दिया, जो इस खौफनाक घटना का सबसे भयावह पहलू बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही बेलतारोड़ी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पूरे कमरे को सील कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस पूरी घटना में आरोपी शिवम भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए नागपुर के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि दोनों के बीच अचानक विवाद की असल वजह क्या थी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

