Nagpur News: हुडकेश्वर पुलिस ने किया फर्जी लूट का पर्दाफाश, कर्ज चुकाने से बचने रची थी साजिश

Nagpur News: नागपुर के हुडकेश्वर थाने ने फर्जी लूट की घटना का पर्दाफाश किया है। कर्ज चुकाने से बचने के लिए युवक ने झूठी साजिश रची थी। पूरी खबर पढ़ें।
विषयसूची
पुलिस जांच में सामने आया सच
Nagpur News: नागपुर की हुडकेश्वर पुलिस ने एक कथित लूट की सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश करते हुए इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है। पुलिस की सूझबूझ और तकनीकी जांच के चलते कर्ज के दलदल से बचने के लिए रची गई एक झूठी साजिश का पर्दाफाश हो गया है।
क्या था पूरा मामला
बीते 22 अगस्त 2026 को त्रिमूर्तिनगर निवासी 28 वर्षीय अमोल संतोष धर्नेजा ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया था कि पिरामिड सिटी क्षेत्र से गुजरते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। लिफ्ट देने के बाद उस व्यक्ति ने चाकू की नोक पर उसके साथ मारपीट की और उसकी कार लेकर फरार हो गया। उसने यह भी दावा किया था कि कार में करीब 2 लाख 5 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
पुलिस जांच में खुला सच
घटना के कुछ समय बाद कार सोनेगांव/एयरपोर्ट क्षेत्र लावारिस हालत में बरामद हुई। कार के अंदर मोबाइल और अन्य सामान तो सुरक्षित मिला, लेकिन नकदी गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तकनीकी जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान शिकायतकर्ता अमोल के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
कर्ज चुकाने का था दबाव
कड़ाई से पूछताछ करने पर अमोल धर्नेजा ने आखिरकार सच कबूल कर लिया। उसने बताया कि त्रिमूर्तिनगर क्षेत्र में ‘बैठक कैफे’ शुरू करने के लिए उसने अपने परिचित अवतारसिंग महेंद्रसिंग धुन्ना से करीब 2 लाख रुपये उधार लिए थे। इन पैसों को लौटाने के लिए राजेश चेलानी लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। तय तारीख पर पैसे न होने के कारण उसने यह झूठा नाटक रचा ताकि वह अपनी आर्थिक जिम्मेदारी और कर्ज चुकाने के दबाव से बच सके। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनामिका मिर्झापूरे, एपीआई रामटेके, एचसी मुकेश किन्नाके और पीसी रिषभ ठाकरे की टीम द्वारा उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरी की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का दुरुपयोग न करें और पुलिस को गुमराह करने जैसी झूठी सूचनाएं देने से बचें, अन्यथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

