नागपुर में 39 हजार बोतल अवैध शराब जब्त, ट्रक समेत 28.70 लाख का माल पकड़ा

नागपुर में क्राइम ब्रांच ने 15.60 लाख की अवैध शराब जब्त की। धुले से गढ़चिरौली जा रहे ट्रक से 39 हजार बोतलें बरामद हुईं।
विषयसूची
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
नागपुर में क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी पथक ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.60 लाख रुपये कीमत की देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक को भी अपने कब्जे में लिया है। इस कार्रवाई में कुल 28.70 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वाडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी पथक को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब नागपुर के रास्ते गढ़चिरौली की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आठवां मील, आठवड़ी बाजार, अमरावती रोड परिसर में निगरानी शुरू की।
39,000 बोतलें बरामद
इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में 390 बॉक्स मिले। इन बॉक्सों में 90 एमएल क्षमता वाली ‘रॉकेट’ देशी शराब की कुल 39,000 बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया। ट्रक और शराब समेत जब्त किए गए कुल माल की कीमत 28 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
एक आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने अब्दुल तोसिफ अब्दुल हाफिज (34) को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में शराब को धुले से गढ़चिरौली ले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शराब की तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच पुलिस कर रही है। आरोपी के खिलाफ वाडी पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र
एडिट: शिंकी सिंह

