नागपुर धरमपेठ जोहरी वाइन शॉप लूट का खुलासा पूर्व कर्मचारी ने दी थी लूट की जानकारी

नागपुर जोहरी वाइन शॉप लूट में गिरफ्तारी: नागपुर के धरमपेठ में जोहरी वाइन शॉप के संचालक सागर जोहरी से 24 सितंबर की रात 4.30 लाख रुपये और लैपटॉप की लूट हुई थी। क्राइम ब्रांच की जांच में पूर्व कर्मचारी अनिकेत पटेल की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार उसने आरोपियों को जानकारी दी थी। मामले में दो नाबालिग समेत 8 आरोपी हिरासत में हैं और जांच जारी है।
विषयसूची
नागपुर जोहरी वाइन शॉप लूट का पुलिस ने किया खुलासा
नागपुर जोहरी वाइन शॉप लूट में गिरफ्तारी: नागपुर के धरमपेठ स्थित जोहरी वाइन शॉप के संचालक सागर जोहरी से हुई फिल्मी स्टाइल लूट की गुत्थी क्राइम ब्रांच ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि दुकान का पूर्व कर्मचारी ही लूट का मुखबिर बना था। क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत 8 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना 24 सितंबर की रात की है। सागर जोहरी वाइन शॉप से करीब 4 लाख 30 हजार रुपए नकद और लैपटॉप लेकर कार से घर लौट रहे थे। आरोपियों ने उनका पीछा किया और कैनल रोड पर कार रोककर पथराव किया। कार का शीशा तोड़ने के बाद आरोपी नकदी और लैपटॉप वाला बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में वारदात में इस्तेमाल कार परवेज प्यारे खान की निकली। उससे पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।


पूर्व कर्मचारी ने आरोपियों को दी थी लूट की जानकारी
पुलिस के अनुसार, अनिकेत पटेल पहले जोहरी वाइन शॉप में काम करता था और करीब तीन महीने पहले उसने नौकरी छोड़ी थी। उसे दुकान की बिक्री और सागर जोहरी के आने-जाने के समय की पूरी जानकारी थी। अनिकेत ने यह टिप अपने साथी बिलाल को दी, जिसके बाद बिलाल, परवेज और अन्य आरोपियों ने मिलकर योजना बनाई। आरोपियों ने दो-तीन दिन रेकी कर सागर जोहरी के रूट और समय की जानकारी जुटाई थी।
वारदात के बाद आरोपी गिरड क्षेत्र गए, जहां लैपटॉप फेंकने के बाद कथित लूटी गई रकम का बंटवारा किया। बाद में पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

