नागपुर में चोरी के मोबाइल के साथ दो जिंदा डेटोनेटर बरामद, वरोरा की कोयला खदान में काम करता था आरोपी

नागपुर में चोरी के मोबाइल और जिंदा डेटोनेटर के साथ आरोपी गिरफ्तार: नागपुर की लकड़गंज पुलिस ने चोरी के मोबाइल बेचने आए राजेंद्र विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। उसके पास से तीन मोबाइल और दो जिंदा डेटोनेटर बरामद हुए। आरोपी वरोरा की डब्ल्यूसीएल कोयला खदान में मजदूरी करता था। पुलिस डेटोनेटर के स्रोत और उन्हें नागपुर लाने के उद्देश्य की जांच कर रही है। एटीएस ने भी मामले की जानकारी ली।
विषयसूची
नागपुर में चोरी के मोबाइल के साथ मिले दो जिंदा डेटोनेटर
नागपुर में चोरी के मोबाइल और जिंदा डेटोनेटर के साथ आरोपी गिरफ्तार: नागपुर के आजमशहा चौक में लकड़गंज पुलिस ने चोरी के मोबाइल बेचने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को गोपनीय सूचना के आधार पर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 03 मोबाइल फोन के साथ 02 लाइव डेटोनेटर भी बरामद हुए, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आरोपी की पहचान छत्तीसगढ़ के बालोद जिला निवासी राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा (35) के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह चंद्रपुर जिले के वरोरा स्थित डब्ल्यूसीएल (WCL) कोल माइंस में ठेकेदार के अधीन मजदूरी करता था। मजदूरी का भुगतान न होने पर उसने ठेकेदार के मोबाइल चुरा लिए और उन्हें बेचने रेल मार्ग से नागपुर पहुंचा। इसी दौरान वह अपने साथ 02 डेटोनेटर भी ले आया।
लकड़गंज थाने की बीडीएस (BDDS) टीम ने जांच में दोनों डेटोनेटर लाइव पाए। टीम ने इन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर, पैक और सील किया। अब गहन तकनीकी जांच के लिए इन्हें पीईएसओ (PESO) पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (Petroleum and Explosives Safety Organisation), कंट्रोलर ऑफ एक्सप्लोसिव्स, नागपुर के पास भेजा जा रहा है।
डेटोनेटर कहां से मिले और नागपुर क्यों लाए गए, जांच जारी
आरोपी के खिलाफ चोरी, आयुध अधिनियम आर्म्स एक्ट (Arms Act) और विस्फोटक अधिनियम एक्सप्लोसिव्स एक्ट (Explosives Act) सहित बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पीसीआर (PCR) पर लिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एटीएस (ATS) नागपुर की टीम भी लकड़गंज थाने पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस अब डब्ल्यूसीएल (WCL) वरोरा प्रशासन और संबंधित ठेकेदार से भी पूछताछ कर रही है, ताकि डेटोनेटर के स्रोत और उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाड़े के नेतृत्व में पीएसआई (PSI) सागर भंडारी, पीएसआई (PSI) दीपक पोफळे, पीएसआई (PSI) सागर शिंदे और उनकी टीम ने की।
आगे की जांच जारी है, और डेटोनेटर किस उद्देश्य से नागपुर लाए गए थे, इसका खुलासा होना बाकी है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

