नागपुर विधान परिषद उपचुनाव में शांतिपूर्ण मतदान, 98.44 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

Nagpur MLC Bypoll Voting 2026: नागपुर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद उपचुनाव में 14 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। कुल 836 मतदाताओं में से 823 ने मतदान किया, जिससे 98.44 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। भाजपा के राजीव पोतदार और कांग्रेस के अतुल लोंढे चुनाव मैदान में हैं। मतगणना 22 जून 2026 को नागपुर में की जाएगी।
विषयसूची
मतदान में दिखा मतदाताओं का उत्साह, दर्ज हुआ 98.44 प्रतिशत मतदान
Nagpur MLC Bypoll Voting 2026: नागपुर, 18 जून। महाराष्ट्र विधान परिषद उपचुनाव 2026 के तहत नागपुर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र में बुधवार को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जिले में स्थापित 14 मतदान केंद्रों पर कुल 836 पंजीकृत मतदाताओं में से 823 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 98.44 रहा।
नागपुर शहर क्षेत्र के 11 तथा उमरेड और कामठी क्षेत्र के एक-एक मतदाता सहित कुल 13 मतदाता अनुपस्थित रहे। निर्वाचन क्षेत्र में 419 पुरुष और 417 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।
इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के राजीव पोतदार और इंडियन नेशनल कांग्रेस के अतुल लोंढे के बीच सीधा मुकाबला है।
22 जून को होगी मतगणना, परिणाम पर टिकीं निगाहें
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ। नरखेड़, काटोल, कळमेश्वर, सावनेर, पारशिवनी, कन्हान-पिंपरी, रामटेक, मौदा, कामठी, नागपुर शहर, वानाडोंगरी और बुटीबोरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। नगर परिषदों, नगर पंचायतों और स्थानीय स्वराज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने-अपने निर्धारित केंद्रों पर मतदान किया।
मतदान के बाद सभी मतपेटियां नागपुर जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित बचत भवन के स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रख दी गई हैं।
उल्लेखनीय है कि इस उपचुनाव की अधिसूचना 25 मई 2026 को जारी हुई थी। नामांकन की जांच 2 जून और नाम वापसी की अंतिम तिथि 4 जून थी।
मतगणना 22 जून 2026 को बचत भवन, नागपुर में होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

