Nagpur News: ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स के 42 संविदा कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने की मांग तेज

Nagpur Orange City Water Works 42 contract workers reinstatement demand: नागपुर में ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स के शेष 42 संविदा कर्मचारी पिछले छह महीनों से बेरोजगार हैं। भारतीय मजदूर संघ ने मनपा आयुक्त को ज्ञापन देकर उन्हें तुरंत फिर से काम पर रखने की मांग की है। प्रशासन ने आठ दिनों के भीतर पुनर्नियुक्ति का भरोसा दिया है। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
विषयसूची
शेष 42 संविदा कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की मांग तेज
Nagpur Orange City Water Works 42 contract workers reinstatement demand: नागपुर की ऑरेंज सिटी वॉटर वर्क्स (ओसीडब्ल्यू) में काम कर रहे 42 संविदा मीटर रीडर कर्मचारी पिछले छह महीनों से बेरोजगार हैं। इनकी पुनर्नियुक्ति की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त विपिन इटनकर को ज्ञापन सौंपा।
दिसंबर 2025 में ओसीडब्ल्यू प्रशासन ने न्यूनतम वेतन की मांग करने पर 100 संविदा मीटर रीडर कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। ये कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से यहां कार्यरत थे। इसके विरोध में भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में विधायक प्रवीण दटके, ओमप्रकाश यादव और गजानन गटलेवार ने अनिश्चितकालीन धरना, उपवास और मोर्चा निकाला था।
इस पर महापौर रीता ठाकरे और मनपा आयुक्त ने विधायक प्रवीण दटके की उपस्थिति में बैठक कर एक माह के भीतर सभी कर्मचारियों को पुनर्नियुक्त करने के निर्देश दिए थे। लेकिन दो माह बीतने के बावजूद अब तक केवल 58 कर्मचारियों को ही वापस लिया गया है। शेष 42 कर्मचारी बेरोजगार हैं और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। बच्चों के नए शैक्षणिक सत्र का खर्च भी इन परिवारों के लिए चुनौती बन गया है।
आठ दिनों में कार्रवाई का प्रशासन ने दिया भरोसा
ओसीडब्ल्यू संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव और भारतीय मजदूर संघ के नेता गजानन गटलेवार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त इटनकर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। आयुक्त ने तुरंत ओसीडब्ल्यू प्रशासन से संपर्क कर निर्देश दिए, जिस पर प्रशासन ने आठ दिनों के भीतर शेष 42 कर्मचारियों को पुनर्नियुक्त करने का आश्वासन दिया।
भारतीय मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आठ दिनों में कर्मचारियों को काम पर नहीं लिया गया, तो वे परिवारों सहित सिविल लाइंस स्थित मनपा मुख्यालय के सामने अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र

