पश्चिम बंगाल: बारुईपुर में देर रात एनकाउंटर, नाबालिग से रेप और हत्या का आरोपी पुलिस की गोली से ढेर

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से रेप और हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, क्राइम रिकंस्ट्रक्शन के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ, जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विषयसूची
Baruipur Encounter News: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की कल मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपराध स्थल का पुनर्निर्माण (क्राइम रिकंस्ट्रक्शन) कराने के लिए घटनास्थल ले जाया गया था। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब 12:45 बजे बारुईपुर थाने की केस संख्या 1350/26 के जांच अधिकारी (आईओ) और उनकी टीम आरोपी प्रभास मंडल को सूरजपुर स्थित घटनास्थल पर क्राइम रिकंस्ट्रक्शन के लिए लेकर पहुंची थी।
दावा किया गया है कि घटनास्थल पर पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर एक राउंड फायरिंग की और मौके से भागने का प्रयास किया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल बारुईपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी प्रभास मंडल पर एक नाबालिग से दुष्कर्म और उसकी हत्या का गंभीर आरोप था।

