Jalpaiguri News: पत्नी के साथ जंगल सफारी पर निकले मंत्री, गोरुमारा के वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता का लिया आनंद

Dilip Ghosh Gorumara jungle safari Jalpaiguri: पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने डुआर्स दौरे के दौरान अपनी पत्नी के साथ गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी सफारी की। उन्होंने जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों का आनंद लिया। हाथियों को केले खिलाए और उनके साथ समय बिताया। वन विभाग का मानना है कि ऐसे दौरे पर्यटन और प्रकृति के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाते हैं।
विषयसूची
गोरुमारा के जंगल में हाथी सफारी का आनंद
Dilip Ghosh Gorumara jungle safari Jalpaiguri: जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने डुआर्स दौरे के दौरान शुक्रवार को पत्नी के साथ गरुमारा नेशनल पार्क में हाथी की सवारी कर जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान नागराकाटा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक पुना भेंगरा भी उनके साथ मौजूद रहे।
मंत्री के डुआर्स दौरे के तहत उन्होंने चापरामारी वन बंगले में रात बिताई। शुक्रवार तड़के जंगल के रास्ते पर सुबह की सैर की और स्थानीय एक चाय की दुकान पर बैठकर स्थानीय निवासियों के साथ चाय पर बातचीत भी की।


इसके बाद मंत्री गरुमारा नेशनल पार्क से सटे गाछबाड़ी इलाके पहुंचे, जहां वन विभाग के पालतू कुनकी हाथी की पीठ पर सवार होकर उन्होंने और उनकी पत्नी ने जंगल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। इस दौरान वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास का नजदीक से अनुभव लिया। हाथियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उन्हें केले खिलाकर अपना स्नेह जताया। वन विभाग की ओर से हाथियों की विधिवत पूजा का भी आयोजन किया गया।
स्थानीय लोगों और वन अधिकारियों से मिले मंत्री दिलीप घोष
इस अवसर पर जलपाईगुड़ी वन प्रभाग के सहायक वनाधिकारी राजीव डे सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता रखी गई थी।
डुआर्स की प्राकृतिक खूबसूरती, नदियों, जंगलों और वन्यप्राणियों से रूबरू होकर मंत्री दिलीप घोष खासे उत्साहित नजर आए। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के दौरे से डुआर्स में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। डुआर्स दौरे के बाद मंत्री के सिलीगुड़ी में कई संगठनात्मक और प्रशासनिक बैठकों में शामिल होने और पहाड़ पर रात्रि प्रवास का कार्यक्रम है।


रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

