Kolkata Shooting: कोलकाता के नॉर्थ पोर्ट इलाके में सनसनीखेज गोलीबारी, पारिवारिक विवाद में साढू भाई घायल

Kolkata Shooting: कोलकाता के नॉर्थ पोर्ट थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति को गोली मारी गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती आरोपी की तलाश जारी।
विषयसूची
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
Kolkata Shooting: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नॉर्थ पोर्ट थाना क्षेत्र में बीती रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आपसी पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना नॉर्थ पोर्ट थाना क्षेत्र के मंडल स्ट्रीट और पातुरिया घाट इलाके की है। गोलीबारी में घायल हुए व्यक्ति का नाम संतोष चौधरी है। शनिवार रात करीब बारह बजे हुए इस हमले में संतोष के पेट में गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
रिश्तेदार ने की फायरिंग, आरोपी फरार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी का नाम कार्तिक शंकार उर्फ ‘खरगोश’ है जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली चलाने वाला कार्तिक और घायल संतोष चौधरी आपस में साढू भाई हैं।
पारिवारिक विवाद बना हमले की वजह
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार आरोपी कार्तिक का अपनी पत्नी के साथ काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कलह के चलते परिवार के अन्य सदस्यों से भी उसकी अनबन हो गई थी। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश के कारण कार्तिक ने अपने साढू भाई संतोष चौधरी को निशाना बनाया। घटना की रात आरोपी ने पातुरिया घाट इलाके में आकर पहले कई राउंड फायरिंग की जिससे वहां दहशत फैल गई और पूरा इलाका खाली हो गया। इसके बाद मौका पाकर उसने संतोष पर पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली चला दी। फिलहाल नॉर्थ पोर्ट थाना पुलिस आरोपी कार्तिक की तलाश में जुटी है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।
रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

