दुर्गापुर के गांधी मोड़ स्थित छोटे होटल में भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख

Durgapur Gandhi More hotel fire: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के गांधी मोड़ स्थित लॉ कॉलेज के सामने एक छोटे होटल में शुक्रवार सुबह कचौड़ी बनाते समय गर्म तेल से आग लग गई। आग तेजी से पूरे होटल में फैल गई और होटल का अधिकांश सामान जल गया। दमकल की टीम ने समय पर आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
विषयसूची
गांधी मोड़ के होटल में आग से मची अफरा-तफरी
Durgapur Gandhi More hotel fire: दुर्गापुर: पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित व्यस्ततम गांधी मोड़ इलाके में लॉ कॉलेज के सामने एक छोटे होटल में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। घटना से इलाके में जबरदस्त हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और घना काला धुआं देखकर स्थानीय निवासी और राहगीर दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
दमकल सूत्रों के अनुसार, कृष्ण साहा नामक व्यक्ति के इस छोटे होटल में शुक्रवार सुबह रोज़ की तरह कचौड़ी तली जा रही थी। इसी दौरान कड़ाही में रखे गर्म तेल से अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग रसोई से पूरी दुकान में फैल गई। दुकान में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने तेज़ी से विकराल रूप ले लिया, जिससे दुकान लगभग पूरी तरह जलकर राख हो गई।


गर्म तेल से शुरू हुई आग, दमकल ने समय रहते पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग की सक्रियता से आग पड़ोसी दुकानों तक फैलने से पहले ही स्थिति नियंत्रण में आ गई।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दुकान के रसोई उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान जलने से प्रारंभिक तौर पर करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
आग लगने के सही कारण और नुकसान की सटीक राशि का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

