Paschim Bardhaman News: प्रेमपाल से पूछताछ के बाद जामुड़िया में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, पिस्तौल-रिवॉल्वर और कारतूस मिले

Prempal Singh Jamuria Illegal Arms Recovered: जामुड़िया के पूर्व तृणमूल विधायक हरेराम सिंह के बेटे प्रेमपाल सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस ने ईसीएल के एक खाली क्वार्टर से अवैध हथियार बरामद किए। इनमें एक देसी सात एमएम पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, दो पाइपगन और आठ जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस हथियारों के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।
विषयसूची
प्रेमपाल से पूछताछ के बाद हथियारों का जखीरा बरामद
Prempal Singh Jamuria Illegal Arms Recovered: आसनसोल: जामुड़िया के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के बेटे प्रेमपाल सिंह से पुलिस हिरासत में हुई पूछताछ के आधार पर जामुड़िया में अवैध हथियारों के एक बड़े जखीरे का पता चला है। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डीडी टीम और जामुड़िया थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर ईसीएल के एक परित्यक्त क्वार्टर से आग्नेयास्त्र और जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे जामुड़िया के ईसीएल नॉर्थ सियारसोल इलाके की एक परित्यक्त दोमंजिला इमारत में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान वहां से एक देसी सेवन एमएम पिस्तौल, एक देसी रिवॉल्वर, दो देसी पाइपगन और आठ राउंड जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रेमपाल सिंह से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ही इस हथियार भंडार का पता चला। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसने जमा किया था और इसके पीछे किसी बड़े अपराध गिरोह का हाथ तो नहीं है।


खाली ईसीएल क्वार्टर से पिस्तौल, रिवॉल्वर और कारतूस मिले
छह दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार को प्रेमपाल सिंह को फिर आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जामुड़िया थाने की ओर से जांच के लिए उसे और 10 दिन की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की गई है।
हथियार बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। प्रेमपाल से पूछताछ जारी रखकर इस हथियार गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले में अगली सुनवाई और गिरफ्तारियों पर पुलिस की नजर टिकी हुई है।


रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल

