शुभेंदु अधिकारी ने खुद रोड रोलर चलाकर नष्ट कीं दो लाख कफ सिरप की बोतलें

पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने खुद रोड रोलर चलाकर नष्ट कीं कफ सिरप की दो लाख बोतलें।
विषयसूची
बंगाल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में नशे के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को प्रतिबंधित कफ सिरप की करीब दो लाख बोतलों को खुद रोड रोलर चलाकर पूरी तरह कुचल दिया और नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई दक्षिण दिनाजपुर जिले के एसपी ऑफिस के बाहर की गई। जमीन पर कतार में कफ सिरप की बोतलें रखी गई थीं जिन पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री और सांसद सुकांत मजूमदार के साथ मिलकर खुद रोड रोलर चलाया। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखोपाध्याय भी वहां मौजूद थे।
नशे से युवाओं को बचाने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद देश और राज्य के युवाओं को नशे की बुरी लत से बचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशामुक्त भारत अभियान’ की तारीफ करते हुए कहा कि हमें मिलकर पश्चिम बंगाल को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है।
पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार महीनों में बीएसएफ और पुलिस ने मिलकर यह नशीला सामान पकड़ा है। पहले दोनों में तालमेल की कमी थी, लेकिन अब मिलकर काम करने से तस्करों पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बालुरघाट में एक नया मेडिकल कॉलेज खोलने का ऐलान भी किया।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

