BJP Manifesto: पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी हलचल तेज हो गई है। गृहमंत्री अमित शाह ने आज शुक्रवार को कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का घोषणापत्र जारी कर दिया। मंच से उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी का लक्ष्य बंगाल को ‘सोनार बांग्ला’ बनाना है, ऐसा राज्य जहां विकास, पारदर्शिता और सुरक्षा तीनों साथ-साथ चलें।
घोषणापत्र जारी करने के दौरान अमित शाह के तेवर काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता अब तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और वसूली की राजनीति से परेशान हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब बदलाव चाहते हैं और BJP उसी बदलाव की उम्मीद लेकर आई है।
लड़कियों की पढ़ाई मुफ्त, हर माह आर्थिक सहायता का वादा
इस घोषणापत्र में महिलाओं पर खास फोकस रखा गया है। पार्टी ने वादा किया है कि अगर सरकार बनी तो लड़कियों की पढ़ाई KG से लेकर PG तक मुफ्त की जाएगी। साथ ही सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी कही गई है। इसके अलावा हर महिला के बैंक खाते में आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया है, जिसे लेकर सभा में मौजूद लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
राज्य में प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित करने का आश्वासन
घोषणापत्र में सिर्फ सामाजिक योजनाएं ही नहीं, बल्कि बड़े संस्थानों के वादे भी शामिल हैं। उत्तर बंगाल में IIT, IIM और AIIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान खोलने की बात कही गई है। इसके अलावा फैशन टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट स्थापित करने का भी वादा किया गया है, ताकि युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के मौके मिल सकें।
छह महीने के भीतर UCC लागू करने का वादा
BJP ने कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया है। पार्टी ने साफ कहा है कि राज्य में घुसपैठ और गोतस्करी पर सख्त रोक लगाई जाएगी। साथ ही, सत्ता में आने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का भी वादा किया गया है।
सीएम ममता बनर्जी पर साधा निशाना
अमित शाह ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हो पाईं और अब लोग खुद को असुरक्षित और निराश महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास का एक नया मॉडल देखा है, और BJP उसी मॉडल को बंगाल में लागू करना चाहती है।
LIVE: HM Shri @AmitShah releases BJP Sankalp Patra for West Bengal Assembly Election 2026 in Kolkata. #BhorosharShopothBJPhttps://t.co/K5HRYm0x0S
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) April 10, 2026