कश्मीर आजादी के नारों पर भड़के सीएम, जादवपुर यूनिवर्सिटी के पास निकाली गेरुआ सम्मान यात्रा

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने 'कश्मीर आजादी' के नारों के खिलाफ जादवपुर यूनिवर्सिटी के पास निकाली 'गेरुआ सम्मान यात्रा'। राष्ट्रविरोधी ताकतों को दी कड़ी चेतावनी।
विषयसूची
सीएम शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को दक्षिण कोलकाता में एक विशाल गेरुआ सम्मान यात्रा निकाली गई। भगवा टी-शर्ट पहने और हाथ में भगवा झंडा लिए मुख्यमंत्री ने गोलपार्क से जादवपुर यूनिवर्सिटी के 8बी बस स्टैंड तक करीब तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा की अगुवाई की। इस दौरान भारी संख्या में साधु-संतों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और जय श्री राम के नारे लगाए।
राष्ट्रविरोधी नारों पर कड़ी चेतावनी
यात्रा के दौरान सीएम शुभेंदु अधिकारी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में लगने वाले राष्ट्रविरोधी नारों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो लोग यूनिवर्सिटी के अंदर कश्मीर मांगे आजादी, फ्री फिलिस्तीन या इस तरह के देशविरोधी नारे लगाते हैं उन्हें सबक सिखाना अच्छी तरह आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भगवा रंग का अपमान अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह जल्द ही जादवपुर में दो बार और आएंगे जिसमें एक बार गीता पाठ और दूसरी बार हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
छात्र संगठनों के बीच चल रहा है विवाद
यह यात्रा ऐसे समय में निकाली गई है जब जादवपुर यूनिवर्सिटी में वामपंथी छात्र संगठनों और आरएसएस से जुड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीच दीवारों पर नारे लिखने और पोस्टरों को लेकर काफी समय से खींचतान और तनाव का माहौल है। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच झड़पें भी देखने को मिली थीं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच यात्रा के समापन से पहले ही यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट बंद कर दिए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था।
रिपोर्ट: शिंकी सिंह, कोलकाता

