MS Dhoni: आईपीएल शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी और अनुभवी दिग्गज MS Dhoni चोट के चलते टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में नजर नहीं आएंगे।
फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, धोनी इस समय काफ मसल (पिंडली) की चोट से जूझ रहे हैं और रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इसी वजह से वह आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों के मैचों से बाहर रह सकते हैं। यह खबर ऐसे समय में आई है जब टीम अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है और फैंस धोनी को मैदान पर देखने के लिए बेहद उत्साहित थे।
IPL में धोनी को देखने के लिए उत्सुक रहते हैं फैंस
44 साल के धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2020 में संन्यास ले चुके हों, लेकिन आईपीएल में उनकी मौजूदगी आज भी टीम के लिए बेहद अहम मानी जाती है। मैदान पर उनकी रणनीति, शांत स्वभाव और अनुभव CSK को कई बार मुश्किल हालात से बाहर निकाल चुका है। यही वजह है कि भले ही टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में हो, लेकिन धोनी को आज भी टीम का असली मार्गदर्शक माना जाता है।
पिछले सीजन में भी धोनी ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए टीम को कई बार शानदार फिनिश दिया था। हालांकि, पिछले कुछ सालों से वह घुटने की समस्या से भी जूझते रहे हैं और 2023 में उन्होंने सर्जरी भी करवाई थी। अब काफ इंजरी ने एक बार फिर उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Official Statement
MS Dhoni is currently undergoing rehabilitation for a calf strain. As a result, he is likely to miss the first two weeks of TATA IPL 2026.
Get well soon, Thala! 💛🦁 pic.twitter.com/4dgmt5EWFi
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 28, 2026
30 मार्च को CSK का पहला मुकाबला
आईपीएल 2026 में CSK अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी। ऐसे में टीम को शुरुआती मैचों में धोनी की गैरमौजूदगी जरूर खलेगी।
फैंस अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि ‘कैप्टन कूल’ जल्द से जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें और एक बार फिर अपने अंदाज में टीम को जीत दिलाते नजर आएं।