शादी से क्यों नहीं किया इंकार, आखिर क्या चाहती थी सिया, क्यों ले ली मंगेतर केतन की जान ?

Chetan Murder Case: पुणे के चर्चित लोहगढ़ किला मौत मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में प्रेम संबंध, तय शादी और हजारों कॉल रिकॉर्ड जैसी बातें सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बन गया है कि अगर सिया किसी और से प्यार करती थी, तो उसने शादी से इंकार क्यों नहीं किया? आखिर इस रहस्यमयी मौत के पीछे सच क्या है?
विषयसूची
Ketan Murder Case: पुणे के चर्चित लोहगढ़ किला मौत केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, लेकिन एक सवाल अब भी सबसे बड़ा रहस्य बना हुआ है कि आखिर सिया गोयल चाहती क्या थी? जिस लड़की की कुछ महीनों बाद केतन अग्रवाल से शादी होने वाली थी, उसी के बारे में पुलिस जांच में सामने आया है कि वह चेतन नाम के युवक के साथ लगातार संपर्क में थी। अब यही विरोधाभास इस पूरे मामले का सबसे चर्चित पहलू बन गया है।
सिया और चेतन के बीच 2004 कॉल्स
पुलिस जांच के मुताबिक पिछले छह महीनों में सिया और चेतन के बीच 2004 कॉल्स हुईं। दोनों ने करीब 238 घंटे तक बातचीत की। कई बार फोन पर दो-दो और तीन-तीन घंटे तक बात होने की जानकारी सामने आई है। यही वजह है कि जांच एजेंसियां दोनों के रिश्ते और उसके संभावित प्रभाव की पड़ताल कर रही हैं।
नवंबर में होनी थी सिया और केतन की शादी
दूसरी ओर, सिया और केतन का रिश्ता भी तेजी से आगे बढ़ रहा था। पिछले साल दिवाली के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ। फरवरी में रोका हुआ और नवंबर में शादी की तारीख भी तय कर दी गई। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुट चुके थे। केतन के परिवार का कहना है कि सिया केवल होने वाली बहू नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा बन चुकी थी।
क्या सिया ने पहले भी की थी हत्या की कोशिश ?
लेकिन अब जांच में सामने आ रही जानकारियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। केतन के परिवार का दावा है कि 14 जून को लोहगढ़ किले पर हुई एक घटना हत्या की पहली कोशिश हो सकती है। परिवार के मुताबिक उस दिन केतन अचानक नीचे की ओर फिसल गया था, लेकिन झाड़ियों में हाथ फंस जाने से उसकी जान बच गई। हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है।
इसके बाद 18 जून को सिया के जन्मदिन के बहाने दोनों फिर लोहगढ़ किला गए। परिवार के अनुसार उन्हें लगा कि होने वाले पति-पत्नी घूमने जा रहे हैं, लेकिन कुछ घंटों बाद खबर आई कि केतन घाटी में गिर गया है। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
केतन के परिजन शुरू से इसे हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां और बाद की घटनाएं कई संदेह पैदा करती हैं। वहीं पुलिस कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
सिया ने शादी से क्यों नहीं किया इंकार ?
फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सिया की जिंदगी में चेतन की इतनी अहम मौजूदगी थी, तो वह केतन से शादी के लिए क्यों तैयार हुई? क्या यह केवल पारिवारिक दबाव था, कोई मजबूरी थी या फिर कहानी में कुछ और है? इन सवालों के जवाब अभी जांच की फाइलों में छिपे हैं, जिनका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकता है।

