Rashtra Bharat Logo

Earthquake: वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 32 लोगों की मौत; 700 से ज्यादा घायल, इमरजेंसी घोषित

Earthquake: वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 32 लोगों की मौत; 700 से ज्यादा घायल, इमरजेंसी घोषित
Earthquake: वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, 32 लोगों की मौत; 700 से ज्यादा घायल, इमरजेंसी घोषित (Pic Credit- X @nikkhilbk)

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 32 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई इमारतें ढह गई हैं और मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका है। सरकार ने देश में इमरजेंसी घोषित कर दी है।

Updated:
·by
Dipali Kumari
Dipali Kumari
Share:

विषयसूची

Venezuela Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक मिनट से भी कम अंतराल में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों ने राजधानी काराकस समेत कई इलाकों को झकझोर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस आपदा में कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में अभी भी बड़ी संख्या में लोग फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

कहीं इमारतें गिरी, तो कहीं टूटी सड़कें

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में आया। इसके कुछ ही सेकंड बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई इमारतें, मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हो गए। कई इलाकों में सड़कें टूट गईं और बिजली तथा संचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

देशभर में इमरजेंसी की घोषणा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में इमरजेंसी घोषित कर दी है। राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हुई है।

स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों के मुताबिक, बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, क्षतिग्रस्त इमारतों के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए विशेष आपदा प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया गया है। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने बताया कि कई रिहायशी इमारतें और मकान ढह गए हैं तथा सरकार उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है।

छुट्टी के दिन आई भारी तबाही

भूकंप के समय देश में राष्ट्रीय अवकाश था, जिसके कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक आए तेज झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और हजारों लोग घरों से बाहर निकल आए। पश्चिमी काराकस की निवासी एस्ट्रिड रामिरेज़ ने बताया कि लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी और हर कोई जान बचाने के लिए भाग रहा था।

काराकस के प्रमुख अस्पतालों में घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ तैनात किया गया है। वहीं, राजधानी के पास स्थित माइक्वेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान की आशंका के चलते अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

मदद के लिए सामने आया अमेरिका

इस बीच अमेरिका ने भी वेनेजुएला की मदद की पेशकश की है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि वे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। काराकस स्थित अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की अपील की है।

पीएम मोदी ने जताया दुःख

भारत के प्रधानमंत्री ने भी इस प्राकृतिक आपदा पर दुख जताते हुए वेनेजुएला के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि भारत इस कठिन समय में हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है तथा नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।
Dipali Kumari

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी सक्रिय पत्रकार और हिंदी कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन वर्षों का अनुभव है। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर तथ्यपरक एवं संवेदनशील लेखन उनकी प्रमुख पहचान है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना उनकी पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य है। अनुभव : पिछले तीन वर्षों से वे सक्रिय पत्रकारिता और डिजिटल कंटेंट लेखन से जुड़ी हुई हैं। इस दौरान उन्होंने सामाजिक मुद्दों, जनहित विषयों और स्थानीय समस्याओं पर लगातार लेखन किया है। उनकी रिपोर्टिंग और लेखन शैली जमीनी समझ, स्पष्ट प्रस्तुति और पाठक-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है। वर्तमान फोकस : वे समाज, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, जन-जागरूकता और सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों पर लेखन करती हैं। उनकी प्राथमिकता ऐसी खबरें और लेख तैयार करना है, जो आम लोगों से सीधे जुड़ाव बनाएं और सकारात्मक सामाजिक प्रभाव उत्पन्न करें। मुख्य विशेषज्ञता (Core Expertise) : • सामाजिक मुद्दों पर लेखन : जनहित, सामाजिक बदलाव और आम लोगों से जुड़े विषयों पर संवेदनशील और प्रभावशाली रिपोर्टिंग। • जमीनी रिपोर्टिंग : स्थानीय समस्याओं और वास्तविक परिस्थितियों को सरल एवं स्पष्ट भाषा में प्रस्तुत करना। • जन-जागरूकता आधारित कंटेंट : शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारीपूर्ण लेखन। • हिंदी कंटेंट निर्माण : पाठकों के लिए सहज, विश्वसनीय और प्रभावी हिंदी कंटेंट तैयार करने में विशेषज्ञता। विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : जमीनी मुद्दों की गहरी समझ, निष्पक्ष दृष्टिकोण और समाज-केंद्रित लेखन शैली ने दीपाली कुमारी को एक संवेदनशील और भरोसेमंद हिंदी पत्रकार के रूप में स्थापित किया है। जनहित से जुड़े विषयों पर उनकी निरंतर सक्रियता और तथ्यपरक लेखन उनकी विश्वसनीयता को मजबूत बनाते हैं।