राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, बोले- ‘आज्ञाकारी नौकर की तरह अमेरिका के आदेश मान रही सरकार’

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने अमेरिका के रवैये और ओमान में भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन की मौत का मुद्दा उठाकर सरकार पर भारतीयों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
विषयसूची
Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारत सरकार अमेरिका के सामने कमजोर रुख अपना रही है। उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र देश होने के बावजूद भारत को अमेरिका की ओर से आदेशात्मक भाषा में निर्देश दिए जा रहे हैं और सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।
अमेरिकी हमलों में भारतीय नाविकों की मौत
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में हाल ही में अमेरिकी हमलों में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने लिखा कि तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद भी न तो किसी तरह का अफसोस जताया गया और न ही माफी मांगी गई। इसके बावजूद अमेरिका भारत को निर्देश देता रहा। राहुल ने कहा कि एक संप्रभु देश इस तरह की भाषा कभी स्वीकार नहीं करेगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे “आज्ञाकारी नौकर” की तरह अमेरिका के आदेश सुनते और मानते हैं।
अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की हत्या के चंद दिन बाद – न अफ़सोस, न माफ़ी। उल्टा, अमेरिका ने आदेश देना जारी रखा है।
उनके शब्द पढ़िए: “अमेरिकी सेना के आदेश तुरंत मानें।” कोई उल्लंघन “बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
एक आज़ाद देश इस तरह की भाषा कभी नहीं सहेगा। लेकिन हमारे…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 14, 2026
ओमान के डुक्म बंदरगाह पर भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन की मौत
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में ओमान के डुक्म बंदरगाह पर खड़े एक जहाज पर भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन की मौत का मामला भी उ ठाया। जानकारी के अनुसार, निशांत की मौत बीमारी के कारण हुई थी। वह मोटर टैंकर ‘एमटी सेलेस्टियल’ पर सवार थे। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि निशांत का शव अभी भारत नहीं लाया जा सका है और इसके लिए जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल
इस मामले को लेकर राहुल गांधी ने एक वीडियो भी साझा किया और सरकार पर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि मौजूदा सरकार के दौर में एक भारतीय नागरिक की स्थिति चिंताजनक हो गई है। उनके अनुसार विदेशी ताकतें भारतीय नागरिकों के साथ अन्याय करती हैं, जबकि सरकार चुप रहती है। राहुल गांधी ने मांग की कि निशांत उर्थनाथन का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए और उनके परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

