Bihar Next CM: बिहार की राजनीति एक बार फिर नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और जल्द ही सीएम पद छोड़ने की खबरों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उनके बेटे निशांत कुमार बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे?
पटना की सड़कों से लेकर सियासी गलियारों तक इसी चर्चा की गूंज है। जेडीयू की ओर से लगाए गए नए पोस्टरों ने इस बहस को और तेज कर दिया है। इन पोस्टरों में साफ तौर पर निशांत कुमार को “फ्यूचर सीएम” बताया गया है। साथ ही लिखा गया है “नीतीश सेवक, मांगे निशांत”, यानी अब पार्टी के भीतर भी नेतृत्व परिवर्तन की मांग खुलकर सामने आने लगी है।
पहले भी लगे हैं इस तरह के पोस्टर
दिलचस्प बात यह है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब निशांत कुमार को लेकर ऐसे संकेत दिए गए हों। इससे पहले भी लगे पोस्टरों में उन्हें बिहार का अगला मुख्यमंत्री बताया गया था और साथ ही नीतीश कुमार से पद न छोड़ने की अपील की गई थी। लेकिन अब जब नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने की तारीख तय हो चुकी है, तो यह लगभग साफ है कि सत्ता परिवर्तन तय है। बस चेहरा कौन होगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है।
कई विधायक और नेता निशांत कुमार के समर्थन में
जेडीयू के कई नेता खुलकर निशांत कुमार के समर्थन में उतर आए हैं। पार्टी के विधायक अनंत सिंह और नेता आनंद मोहन समेत कई कार्यकर्ता उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर चुके हैं। हाल ही में जब निशांत कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे थे, तब भी कार्यकर्ताओं ने उन्हें ही सीएम फेस के तौर पर पेश किया।
सम्राट चौधरी का नाम भी चर्चा में
हालांकि, सियासत इतनी सीधी भी नहीं है। एनडीए के सहयोगी दल बीजेपी की ओर से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम भी चर्चा में है। ऐसे में यह साफ है कि अंतिम फैसला सिर्फ जेडीयू का नहीं, बल्कि पूरे गठबंधन की सहमति से ही होगा।
बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन?
अब सबकी नजरें आने वाले दिनों पर टिकी हैं। क्या जेडीयू अपने पोस्टरों के संकेत को हकीकत में बदलेगी? क्या एनडीए इस फैसले पर मुहर लगाएगा? या फिर कोई नया नाम सबको चौंका देगा? फिलहाल, बिहार की राजनीति में सस्पेंस अपने चरम पर है और इस सवाल का जवाब अभी बाकी है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।