Jharkhand Rajya Sabha Election 2026: दो सीटों के लिए मतदान जारी, विधानसभा पहुंचे विधायक; उम्मीदवारों ने किया जीत का दावा

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शुरू हो गया है। तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी।
विषयसूची
Jharkhand Rajya Sabha Election 2026: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया है। राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में राजनीतिक सरगर्मी तेज है। दो सीटों के लिए कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी शामिल हैं। मतदान शुरू होते ही विभिन्न दलों के विधायक विधानसभा पहुंचने लगे। कांग्रेस विधायक बस से विधानसभा पहुंचे, जबकि एनडीए के विधायक भी निर्धारित समय पर मतदान के लिए पहुंचे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी मतदान से पहले विधानसभा पहुंचे और अपनी जीत को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त है और उन्हें सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।
शाम 4 बजे तक चलेगा मतदान
झारखंड विधानसभा के सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए विधानसभा परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने पर शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और नतीजों की घोषणा की जाएगी।
विधानसभा के कमरा नंबर 42 में मतदान की प्रक्रिया लगातार जारी है। बीजेपी विधायक प्रदीप प्रसाद, सीपी सिंह, शशिभूषण मेहता, राज सिन्हा और जदयू विधायक सरयू राय समेत कई विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भी मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे। एनडीए के सभी विधायकों ने मतदान कर दिया है।
सीएम हेमंत सोरेन भी पहुंचे विधानसभा
इस बीच मुख्यमंत्री भी विधानसभा पहुंचे और चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी की निगाहें मतदान समाप्त होने और मतगणना के बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं, जो यह तय करेंगे कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर कौन-कौन प्रतिनिधित्व करेगा।

