Tejashwi Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज देर शाम रांची पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला रांची दौरा है, इसलिए राजद इसे किसी साधारण कार्यक्रम की तरह नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर पेश करने की तैयारी में है। कल 5 अप्रैल को रांची के हरमू बाईपास स्थित कार्निवाल बैक्वेट हॉल में सुबह 11 बजे से उनका भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता खुद इसकी कमान संभाले हुए हैं।
प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश नारायण रांची में
राजद के प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव पहले ही रांची पहुंच चुके हैं। वे लगातार बैठकें कर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दे रहे हैं। आयोजन स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए।
पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे तेजस्वी यादव
लेकिन यह दौरा सिर्फ स्वागत और अभिनंदन तक सीमित नहीं है। इसके पीछे एक बड़ा राजनीतिक मकसद भी छिपा है। दरअसल, तेजस्वी यादव इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। वे संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और आने वाले चुनावों की रणनीति पर चर्चा करेंगे। झारखंड में राजद की पकड़ मजबूत करने के लिए यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता होंगे शामिल
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। तेजस्वी यादव के स्वागत को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। बैनर, पोस्टर और नारों के जरिए माहौल पहले से ही तैयार किया जा रहा है।
पहली यात्रा को खास बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को भी सक्रिय किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता दिखाएं।